
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गर्लफ्रेंड को महंगा आईफोन गिफ्ट करने की चाहत एक युवक को चोर बना गई। जेब में पैसे नहीं थे, तो उसने मोबाइल दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचने का प्लान बनाया और मौका मिलते ही काउंटर से फोन उठाकर भाग निकला।
हालांकि, उसकी चालाकी ज्यादा देर नहीं चली। दुकानदार के शोर मचाने पर बाजार की भीड़ ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पीटा। बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए आईफोन गिफ्ट करना चाहता था। यह घटना महाराज बाड़ा स्थित टोपी बाजार की है। भीड़ ने उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया है। उसके पास से मोबाइल बरामद हो गया है।
एमएस मोबाइल सेंटर की घटना
रविवार दोपहर टोपी बाजार स्थित एमएस मोबाइल सेंटर की यह घटना है। यहां जनकगंज स्थित गोल पहाड़िया का रहने वाला अदनान खान उम्र 23 वर्ष काम करता है। दोपहर में एक युवक ग्राहक बनकर आया। उसने आईफोन दिखाने की बात कही।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी
सिल्वर रंग का फोन उसने दिखाया। तभी दूसरा ग्राहक आ गया। वह दूसरे ग्राहक को मोबाइल दिखाने लगा। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर वह मोबाइल लेकर बाहर निकल गया। दुकानदार की नजर पड़ी तो उसने शोर मचाया। फिर उसका पीछा कर लोगों ने पकड़ लिया। उसके पास से मोबाइल बरामद हो गया। उसे पकड़कर लोगों ने पीटा। आरोपित का नाम राहुल यादव है।
पूछताछ में रोकर बोला- गर्लफ्रेंड को देना था मोबाइल
सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई। पूछताछ में उसने पूछताछ में बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को मोबाइल गिफ्ट करना चाहता था। उस पर रुपये नहीं थे। इसलिए मोबाइल चोरी कर लिया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में भालुओं के बीच मुठभेड़, घायल मादा भालू की मौत, अंतिम संस्कार