Harda Factory Blast: हरदा पटाखा फैक्ट्री मालिकों की नौ करोड़ की संपत्ति कुर्क, जल्द होगी नीलामी
Harda Factory onwer हरदा पटाखा फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल के मालिकाना हक वाली संपत्तियां कुर्क की जा रही हैं। इसके लिए प्रशासन ने 17 ...और पढ़ें
By Neeraj PandeyEdited By: Neeraj Pandey
Publish Date: Sun, 25 Feb 2024 10:13:58 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Feb 2024 10:13:58 PM (IST)
हरदा पटाखा फैक्ट्री मालिकों की नौ करोड़ की संपत्ति कुर्कHighLights
- हरदा पटाखा फैक्ट्री मालिकों की नौ करोड़ की संपत्ति कुर्क
- कुर्की में जमीन-मकान शामिल, 14 बैंक खाते सीज
- एक खाते में सबसे अधिक 98 लाख जमा
अनिल माणिक, हरदा। हरदा के बैरागढ़ स्थित पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट से हताहत पीड़ितों को राहत राशि देने के लिए शासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला प्रशासन ने आरोपितों की नौ करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि नेशनल ग्रीन ट्रिव्यूनल (एनजीटी) के आदेश पर कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही सभी संपत्तियां शासनाधीन कर ली जाएंगी। इसके बाद इनकी नीलामी कर मिलने वाली राशि पीड़ितों को मुआवजे के रूप में दी जाएगी। कुर्क की जाने वाले संपत्ति में आरोपित की जमीन, मकान आदि शामिल हैं।
5.5 करोड़ रुपये की संपत्ति
जानकारी के मुताबिक पटाखा फैक्ट्री मालिक राजेश अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल के मालिकाना हक वाली संपत्तियां कुर्क की जा रही हैं। इसके लिए प्रशासन ने 17 फरवरी से नोटिस लगाने शुरू कर दिए थे। हरदा के बैरागढ़, रहटाखुर्द, हंडिया के कुंजरगांव में आरोपितों की फैक्ट्री की जमीन सहित संपत्ति का मूल्य कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार 5.5 करोड़ रुपये आंका गया है।
14 बैंक खाते सीज किए गए
खिरकिया विकासखंड के पीपलपानी में 2.5 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली है। इसके करीब आरोपित की जमीन, हरदा के मानपुरा स्थित मकान की कीमत एक करोड़ रुपये आंकी गई है। 14 बैंक खाते सीज किए गए हैं। इनमें से एक बैंक खाते में 98 लाख रुपये हैं। सभी खातों को मिलाकर करीब एक करोड़ की राशि बताई जा रही है।
भूख हड़ताल जारी
दूसरी ओर, पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के पीड़ितों के साथ सर्वसमाज द्वारा शहर के घंटाघर चौक पर भूख हड़ताल के साथ धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। 26 फरवरी को हरदा शहर बंद करने का आह्वान भी किया गया है। बता दें कि हरदा शहर के करीब मगरधा रोड पर बैरागढ़ स्थित पटाखा फैक्ट्री में छह फरवरी को विस्फोट हुआ था, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 172 से अधिक लोग घायल हुए थे। फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र में 50 से अधिक मकान एवं दुकान भी क्षतिग्रस्त हुए थे।
एनजीटी के आदेश पर आरोपितों की संपत्ति कुर्क करनी शुरू की गई है। जल्द ही संपत्ति की नीलामी कर पीड़ितों को मुआवजा के रूप में राशि दी जाएगी।
- आदित्य सिंह, कलेक्टर, हरदा