
नवदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। सराफा बाजार में सोमवार को ग्राहक बनकर सराफा दुकान राज ज्वेलर्स पर पहुंची नकाबपोश महिला ने कारोबारी को चकमा देकर 200 ग्राम सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
महिला दोपहर लगभग एक बजे दुकान पर पहुंची। इस दौरान उसने कारोबारी आशीष जैन से कम वजन वाले लॉकेट दिखाने की बात कही। दुकानदार दूसरे कमरे से लॉकेट लेकर आया। कुछ देर बाद महिला ने कहा कि लाकेट पसंद नहीं आ रहे हैं कोई दूसरी डिजाइन बताओ। इसके बाद दुकानदार दोबारा उसी कमरे से दूसरा बॉक्स लेने गया।
इसी बीच महिला ने बाहर से कमरे का दरबाजा बंद कर कुंडी लगा दी और काउंटर पर रखे लॉकेट का बॉक्स सहित सोने के दो तरह के मोतियों वाले दो छोटे बॉक्स लेकर महिला दुकान से बाहर चली गई। पीड़ित सराफा कारोबारी ने बाजू के दुकानदार को फोन कर घटना की जानकारी दी। उसके बाद उसी दुकानदार ने पीड़ित कारोबारी को बाहर निकाला। इस दौरान महिला गायब हो गई।

महिला ने जिसे तरह से वारदात को अंजाम दिया उससे साफ है कि वह बहुत ही शातिर है। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने मुख्य रास्ते की जगह गलियों का सहारा लिया। दुकान से निकलने के बाद वह दूसरी गली में चली गई। अब पुलिस के बाद दुकान से निकलने के कुछ दूर बाद की जानकारी नहीं है। चेहरा ढंका होने से महिला की पहचान साड़ी के रंग और हाथ में पहनी अंगूठी व अन्य पहचान चिह्न के आधार पर की जा रही है। हालांकि इस काम में पुलिस को मशक्कत करना पड़ेगी।
महिला ने पूरी वारदात को दो मिनट में अंजाम दिया है। इससे साफ है कि वह पहले से दुकान की रैकी कर रही थी। वारदात के एक घंटा पहले भी महिला दुकान पहुंची थी। इस दौरान वह आधे घंटे तक दुकान पर रही। उसके कारोबारी से कहा कि उसके पास कैश नहीं है वह एटीएम से पैसे निकालकर लाएगी। कारोबारी ने ही उसे एटीएम का पता बताया। उसके एक घंटे बाद महिला दोबारा दुकान पहुंची थी। इस दौरान दुकान पर कारोबारी के अलावा कोई और मौजूद नहीं था।
यह भी पढ़ें- रायपुर में ज्वेलरी ट्राई कर सहेली को बुलाने दुकान से बाहर निकली, 5 लाख के जेवर पहनकर भागी महिला
हरे रंग की साड़ी पहले महिला ने अपना मुंह कपड़े ढंका हुआ था। कारोबारी ने महिला से कहा कि मुंह पर से कपड़ा हटाओ तो महिला ने कहा कि वह कुछ समय पहले आग से झुलस गई थी, जिससे चेहरे और छाती में घाव है। ऐसे में उसे संक्रमण होने का खतरा है इस वजह से वह कपड़ा नहीं हटा सकती। कारोबारी उसकी बातों में आ गया। अब सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात रिकार्ड होने के बाद महिला का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है।
यह भी पढ़ें- सिंगरौली में छह बदमाशों ने डाली डकैती, सराफा दुकान से 62 लाख रुपये की लूट, विरोध करने पर कर्मचारी को मारी गोली