
कुलदीप भावसार, नईदुनिया, इंदौर। अल्पवर्षा के बाद गंभीर जलसंकट के मुहाने पर खड़े इंदौर के लोगों को यह जानकर हैरानी हो सकती है कि जलूद से इंदौर तक पानी लाने और शहर में वितरण के दौरान रोज डेढ़ से दो करोड़ लीटर नर्मदा जल बर्बाद हो रहा है। जलूद से इंदौर के रास्ते में कई जगह पाइपलाइन में लीकेज हैं। इनके कारण लाखों लीटर पानी बहकर जंगलों और खेतों में चला जाता है।
शहर में भी हजारों नल ऐसे हैं, जिनमें टोटियां नहीं लगी हैं। नर्मदा की आपूर्ति शुरू होते ही इनसे पानी बहने लगता है। टैंकरों की खराब हालत भी पानी की बर्बादी की बड़ी वजह है। अनुमान है कि जलूद से इंदौर तक पानी लाने के दौरान 10 से 12 एमएलडी और शहर में वितरण के दौरान पांच से सात एमएलडी पानी रोज बर्बाद होता है।
इस बर्बादी पर नियंत्रण किया जाए तो जलसंकट से काफी हद तक राहत मिल सकती है। जलूद से रवाना होने वाला नर्मदा जल मानपुर, महूगांव, महू, राऊ सहित कई गांवों से होकर इंदौर पहुंचता है। इस दौरान पाइपलाइन में लीकेज और बिजली लाइन में फाल्ट की समस्या लगभग रोज सामने आती है।
नगर निगम शहरी सीमा में नागरिकों से जल संरक्षण की अपील करता है, लेकिन जिन क्षेत्रों से होकर नर्मदा का पानी इंदौर पहुंचता है, वहां संरक्षण के लिए काम नहीं होता। अनुमान है कि रोज करीब एक करोड़ लीटर पानी इंदौर पहुंचने से पहले ही बह जाता है।
इससे कम से कम 100 बड़ी कॉलोनियों को आसानी से पानी दिया जा सकता है। ओल्ड बीपी टैंक से जुड़ी 1200 एमएम ग्रेविटी पाइपलाइन से भी पानी ओवरफ्लो होकर जंगल में जा रहा है।
जलूद से इंदौर के बीच ही नहीं, शहर में भी रोज लाखों लीटर पानी बर्बाद होता है। इसकी एक वजह हजारों नलों में टोटियां न होना है। इनमें टोटियां लगाई जाएं तो पानी की बर्बादी आसानी से रोकी जा सकती है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 800 फीट से नीचे पहुंचा भूजल, कई क्षेत्रों 1200 फीट तक भी पानी नहीं
यह भी पढ़ें- इंदौर में खुदाई के दौरान फूटी नर्मदा पाइप लाइन, गहरे गड्ढे में भरा पानी, तीसरी बार सप्लाई प्रभावित
हम पानी की बर्बादी रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। जहां से भी सूचना मिलती है, वहां टीम पहुंचकर सुधार कार्य करती है। हमने जनता से भी पानी बर्बाद न करने की अपील की है। नागरिकों को नलों में टोटियां लगवानी चाहिए, ताकि पानी की बर्बादी न हो। अपील के बावजूद सुधार नहीं होता है तो निगम सख्ती भी करेगा। - पुष्यमित्र भार्गव, महापौर, इंदौर