
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दशकों पहले भर्ती हुए शिक्षकों की पदोन्नति एक नियम के चलते अटक गई है। इस संबंध में 34 शिक्षकों ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने पदोन्नति में बाधा बन रहे नियम को खत्म करने के साथ ही पदोन्नति देने की मांग की है। कोर्ट ने याचिका पर प्रारंभिक सुनवाई के बाद शासन को नोटिस जारी कर छह सप्ताह में जवाब मांगा है।
अभिभाषक अविनाश कुमार खरे ने बताया कि वर्ष 1982 के शिक्षक भर्ती नियमों के तहत शिक्षा विभाग ने वर्ष 1986 से 2000 के बीच शिक्षकों की भर्ती की थी। उस समय लेक्चरर, प्रधानाध्यापक हायर सेकेंडरी और प्रधानाध्यापक माध्यमिक स्कूल के लिए एक ही पात्रता होने के कारण कई शिक्षकों को माध्यमिक स्कूल का प्रधानाध्यापक बना दिया गया।
इनमें से कई शिक्षक पदोन्नत होकर उच्च पदों पर पहुंच गए। वर्ष 2007 और 2013 में भर्ती और पदोन्नति नीति में बदलाव के कारण इन शिक्षकों की पदोन्नति अटक गई। पात्रता होने के बावजूद वे उच्च पदों पर नहीं पहुंच सके, जबकि उनके बाद भर्ती हुए शिक्षकों को पदोन्नति मिल गई। याचिकाकर्ताओं ने इसी विसंगति को चुनौती देते हुए पदोन्नति देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- एमपी हाई कोर्ट का अहम फैसला... नाबालिग का हाथ पकड़ना भी यौन हमला, आरोपी की सजा बरकरार