
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। घर की दीवारें गिर रही थीं और उन्हें बनते देखने वाले लोगों की आंखों से आंसू बह रहे थे। कोई अपने परिवार को संभाल रहा था तो कोई टूटते मकान को आखिरी बार निहार रहा था। कृष्णबाग कालोनी में सोमवार को प्रशासन की कार्रवाई में 42 मकान जमींदोज हो गए। पोकलेन के पंजे ने ईंट-सीमेंट की दीवारें तोड़ दीं, लेकिन रहवासियों के लिए यह सिर्फ मकान टूटने का मंजर नहीं था।
किसी की 20 साल की कमाई मलबे में बदल गई तो किसी के बच्चों का बचपन और परिवार का भविष्य छिन गया। महिलाएं फूट-फूटकर रोती रहीं। कई लोग आखिरी समय तक घर से बाहर आने को तैयार नहीं थे। पुलिस और प्रशासन ने बाहर निकाला तो रोते हुए निकले, लेकिन कदम अपने ही घर से दूर जाने को तैयार नहीं थे।
राजेश बैरागी ने रुआंसे स्वर में बताया कि वे करीब 20 साल से यहां रह रहे हैं। वर्ष 2000 से संपत्ति कर जमा कर रहे हैं। उनके पास इसकी रसीदें भी हैं। कई लोगों के पास मकानों की रजिस्ट्री है। नगर निगम को टैक्स देने के बावजूद आज घर टूट गया। मकान बनाने में जीवनभर की जमा पूंजी लगा दी थी। अब न घर बचा और न कोई मुआवजा मिला। परिवार को लेकर कहां जाएं, यही समझ नहीं आ रहा।
रहवासी राजेश यादव ने कहा कि कई परिवारों ने गांव की जमीन बेचकर यहां प्लाट खरीदे और बैंक से कर्ज लेकर मकान बनाए। लोगों ने पैसे देकर रजिस्ट्री कराई थी। यदि जमीन को लेकर विवाद था तो प्लाट बिकते और मकान बनते समय कार्रवाई क्यों नहीं हुई। मकान खरीदने वालों को विवाद की जानकारी नहीं थी। आज उनका घर भी टूट गया और परिवार की उम्मीदें भी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कृष्णबाग कॉलोनी के रहवासियों को हाईकोर्ट से लगा झटका, याचिका में दिया स्टे हटाया
कृष्णा बाई अपने मकान को टूटता देख बिलख पड़ीं। उन्होंने कहा कि घर में छोटे-छोटे बच्चे हैं, अब उन्हें लेकर कहां जाएं। दो-तीन लाख रुपये देकर प्लाट खरीदा और फिर मकान बनाने में सब कुछ लगा दिया। इसी घर में बच्चे बड़े हुए। अब परिवार कहां रहेगा और मेरे बच्चे उनके बच्चों को कैसे पालेंगे। एक कार्रवाई ने पूरी जिंदगी तबाह कर दी।
यह भी पढ़ें- इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन का एक्शन शुरू, आज टूट रहे 45 मकान