
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। प्रशासन सोमवार को ग्राम खजराना स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सोमवार सुबह शुरू कर दी है। नगर निगम की रिमूवल टीम के साथ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सर्वे नंबर 66/2 (क) पर बने मकानों को हटाया जा रहा है। पहले यहां 70 मकानों को हटाया जाना था, लेकिन हाई कोर्ट की डबल बेंच से कुछ लोगों को स्टे मिलने के बाद अब 45 मकानों पर कार्रवाई की जा रही है।
लोगो ने अधिकांश सामान पहले ही शिफ्ट कर लिया था, लेकिन इसके बाद जो कुछ थोड़ा समान बचा था उसको पहले बाहर निकालकर मकानों को तोड़ा गया। मकान तोड़ने से पहले अंदर जाकर देखा कोई अंदर तो नहीं। कई लोग मकान से निकलने को तैयार नहीं थे, समझाकर बाहर निकाला गया।

रविवार को प्रशासन की टीम कॉलोनी पहुंची और हटाए जाने वाले मकानों पर निशान लगाए। दरअसल, 0.720 हेक्टेयर में बसी कृष्णबाग कॉलोनी की जमीन के स्वामित्व और कब्जे से जुड़े विवाद में हाई कोर्ट ने श्रीराम बिल्डर के पक्ष में निर्णय सुनाया था। साथ ही 30 दिन के भीतर उक्त जमीन से सभी अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे।
रविवार को एसडीएम घनश्याम धनगर राजस्व अमले के साथ कॉलोनी पहुंचे और रहवासियों को मकानों से सामान निकालने की समझाइश दी। नगर निगम की रिमूवल टीम के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद है। यह कार्रवाई हाई कोर्ट के निर्देश पर की जा रही है।

कृष्णबाग कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने के दौरान केवल मकानों को जमींदोज ही नहीं किया जाएगा, बल्कि उनका मलबा भी हटाया जाएगा। मलबा हटाने के बाद जमीन का कब्जा श्रीराम बिल्डर को सौंपा जाना है। प्रशासन ने कार्रवाई के बाद मलबा हटाने की तैयारी भी की है। हालांकि, पूरा मलबा हटाने में एक से दो सप्ताह का समय लग सकता है।

ग्राम खजराना के सर्वे नंबर 66/2 (क) की जमीन पर कुल 78 मकान हैं। वर्ष 2024 में प्रशासन ने कार्रवाई कर आठ से दस मकान हटाए थे। शेष मकानों पर कार्रवाई होना बाकी है। गौरतलब है कि वर्ष 2003 में ग्राम खजराना स्थित 0.720 हेक्टेयर जमीन श्रीराम बिल्डर्स ने खरीदी थी।

बाद में इस जमीन पर अतिक्रमण हुआ और खरीदी-बिक्री के बाद यहां मकान बन गए। जमीन का प्रकरण तहसीलदार, एसडीएम और राजस्व बोर्ड से होते हुए हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। सभी जगह जमीन पर अतिक्रमणकारी माना गया।

जिन 19 मकानों को स्टे मिला वहां पर एच के निशान लगाए, इनको नहीं तोड़ा जा रहा है।
कृष्णबाग कॉलोनी में हंगामे और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर कलेक्टर शिवम वर्मा ने भारी प्रशासनिक अमला तैनात किया है। मौके पर 7 एसडीएम, एक संयुक्त कलेक्टर, दो डिप्टी कलेक्टर सहित तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी तैनात हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कृष्णबाग कॉलोनी के मकानों पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन ने पूरी की तैयारी
इनमें जूनी इंदौर एसडीएम घनश्याम धनगर के अलावा निधि वर्मा, रोशनी पाटीदार, लोकेंद्र सिंह सरल, दीपक चौहान, एचएस विश्वकर्मा और राहुल गुप्ता को भेजा गया है। संयुक्त कलेक्टर श्रुति अग्रवाल तथा डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह वामनकर और रुचि जाट भी कार्रवाई के दौरान व्यवस्था संभाल रही हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में भू-माफियाओं के फर्जीवाड़े में फंसे परिवार, तीस दिन में हटाना है अतिक्रमण