
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कनाड़िया थाना क्षेत्र में पुलिस ने संदिग्ध वैगनआर कार से 80 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। कार में देवास जिले के दो व्यक्ति सवार थे। वे नकदी से जुड़े दस्तावेज मौके पर नहीं दिखा सके। पूछताछ में दोनों ने रकम के स्रोत के बारे में अलग-अलग दावे किए। पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को टीपीएस-05 मेन रोड पर फीनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में वैगनआर कार (एमपी 09 जेडई 5088) खड़ी मिली। जांच में कार में तिलोक गामी और मनोज गामी मिले। दोनों बरखेड़ा सोमा, बागली, जिला देवास के निवासी हैं और खेती-किसानी करते हैं। कार की तलाशी में 80 लाख रुपये मिले।
इनमें 500 रुपये के नोटों में 75 लाख, 200 रुपये के नोटों में दो लाख और 100 रुपये के नोटों में तीन लाख रुपये शामिल थे। पुलिस ने दोनों से नकदी के दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई प्रमाण पेश नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों ने पहले बताया कि वे रकम बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आए हैं। बाद में उन्होंने कहा कि यह राशि बरखेड़ा-बागली क्षेत्र में जमीन की बिक्री से मिली है।
यह भी पढ़ें- सड़क हादसे में मृतक के परिजनों को तीन करोड़ 20 लाख रुपये मिलेगा मुआवजा, इंदौर में कोर्ट ने सुनाया फैसला
बयानों में स्पष्टता न होने और दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने नियमानुसार रकम संदिग्ध मानते हुए जब्त कर ली। पुलिस ने आयकर विभाग को मामले की जानकारी देकर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए सूचित किया है। जांच में रकम के स्रोत और जमीन बिक्री या सुरेश पटेल से राशि लेने संबंधी दावों की पड़ताल की जाएगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया गिरफ्तार, अस्पताल में रिश्तेदार से की थी बदसलूकी, कोर्ट ने भेजा जेल