
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। होलकर शासकों द्वारा बनवाए गए लालबाग पैलेस परिसर में सुंदरीकरण कार्य के दौरान मिली तिजोरी बुधवार को भी नहीं खोली जा सकी। मंगलवार को मिली इस तिजोरी में क्या है और इसे यहां क्यों रखा गया था, इन सवालों के जवाब दूसरे दिन भी पुरातत्व विभाग को नहीं मिल सके। बुधवार को तिजोरी का निरीक्षण किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह तिजोरी वर्ष 1900 के आसपास की है और इसका वजन 100 से 150 किलो के बीच है। पुरातत्व विभाग के उपसंचालक केएल डाबी के अनुसार, फिलहाल इतना ही पता चला है कि तिजोरी लोहे की बनी है।
इसका उल्लेख विभाग के रिकॉर्ड में भी नहीं है। आने वाले दिनों में इसका केमिकल ट्रीटमेंट कराया जाएगा। इसके बाद ही इसके निर्माण की वास्तविक तिथि और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकेंगी।
तिजोरी की चाबी भी नहीं है, इसलिए इसे विशेषज्ञों की देखरेख में ही खोला जा सकेगा। इस तिजोरी को राजवाड़ा में तैयार की जा रही वीथिका में प्रदर्शित किया जाएगा। वर्तमान में राजवाड़ा में 14 तिजोरियां हैं। ये सभी बड़ी, मध्यम और छोटे आकार की हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर के लालबाग में मिली होलकरकालीन तिजोरी
उल्लेखनीय है कि यह तिजोरी पैलेस परिसर में पाथवे बनाने के दौरान टिकट काउंटर के पास नजर आई थी। इसके नहीं खुलने से लोगों का कौतूहल बढ़ गया है कि ये तिजारी खाली है, या इसके अंदर कुछ रखा हो सकता है।