
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लालबाग पैलेस में चल रहे संरक्षण और निर्माण कार्य के दौरान एक पुरानी तिजोरी नजर आई है। पैलेस के टिकट काउंटर के पास पाथवे बनाने के लिए खोदाई की जा रही थी, तभी यह तिजोरी दिखाई दी। मंगलवार को तिजोरी सामने आने के बाद इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे। कुछ लोगों का कहना था कि यह खोदाई में निकली है, जबकि कुछ का मानना है कि पुराने आरटीओ (रामपुरा कोठी) के खाली होने पर इसे यहां लाकर रखा गया होगा।
अधिकारियों ने बुधवार को तिजोरी खोलकर देखने और इसके यहां रखे जाने की वजह की जांच करने की बात कही है। लालबाग पैलेस परिसर में इन दिनों 47.59 करोड़ रुपये की सुंदरीकरण योजना के तहत काम चल रहा है। इसमें मुख्य दरवाजे से लेकर भवन तक विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। टिकट काउंटर के पास बना टीन शेड हटाने पर मलबे में दबी यह तिजोरी दिखाई दी।
कर्मचारियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। उपसंचालक पुरातत्व विभाग केएल डाबी ने बताया कि इस तिजोरी की जानकारी विभाग के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। बुधवार को इसकी जांच की जाएगी कि इसे यहां कब और क्यों रखा गया था। साथ ही तिजोरी खोलकर यह भी देखा जाएगा कि उसमें क्या रखा है।
इतिहासकार जफर अंसारी के अनुसार लालबाग पैलेस के तलघर में होलकर शासकों ने विशेष स्ट्रांगरूम बनवाया था। इसमें रखी तिजोरियों में आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं रखी जाती थीं। यह स्ट्रांगरूम इंग्लैंड की कंपनी ने बनाया था। इसे इस तरह तैयार किया गया था कि आग, हवा और भूकंप से भी नुकसान न पहुंचे।
पैलेस के बाहरी हिस्से में मिली तिजोरी जैसी सैकड़ों तिजोरियां शहर में हैं। राजवाड़ा सहित कई सेठ-साहूकारों के यहां भी ऐसी तिजोरियां देखी जा सकती हैं। यह कास्ट आयरन से बनी है, जो आग में भी नहीं जलती और इसमें रखी सामग्री सुरक्षित रहती है।
यह भी पढ़ें- History Of Indore: कई शैलियों की स्थापत्यकला की खूबसूरती लिए है यहां की इमारतें
इंदौर बैंक लिमिटेड में भी ऐसी तिजोरियों का उपयोग किया जाता था। इसे इंग्लैंड से बनवाकर गया था। अंसारी ने बताया कि होलकर शासक एक दौर में कुओं में भी खजाना छिपाकर रखते थे।
यह भी पढ़ें- इंदौर में लालबाग पैलेस का वैभव लौट रहा, लेकिन सिसकियां भर रहीं यहां पेयजल को सहेजने वाली बावड़ियां