
नईदुनिया न्यूज, सांवेर (इंदौर)। सांवेर में स्वयं को शहर काजी घोषित कराने के प्रयास के मामले में पुलिस ने मोहम्मद सलामुद्दीन बरकाती के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित ने वास्तविक तथ्यों को छिपाकर और न्यायालयीन आदेशों का कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए कूटरचित दस्तावेज तैयार किए।
इन दस्तावेजों के आधार पर उसने स्वयं को तहसील सांवेर में शहर काजी स्थापित किए जाने के संबंध में वरिष्ठ कार्यालयों को पत्र भेजे थे। कार्यालय कलेक्टर, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, जिला इंदौर से प्राप्त जांच प्रतिवेदन और पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण कार्यालय से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई की गई।
सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा की गई जांच में आरोपी द्वारा प्रस्तुत तथ्यों को मिथ्या, भ्रामक और नियम विरुद्ध पाया गया। पुलिस के मुताबिक कलेक्टर इंदौर और पुलिस अधीक्षक इंदौर ग्रामीण से प्राप्त अनुमोदन के बाद 24 सितंबर को सांवेर थाने में आरोपित मोहम्मद सलामुद्दीन बरकाती निवासी वार्ड नंबर 1 सांवेर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महू राज कृष्णा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सांवेर देवेंद्र सिंह धुर्वे के निर्देशन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी सांवेर लाखन सिंह राजपूत और पुलिस टीम ने प्रशासनिक जांच प्रतिवेदनों के साथ उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का अवलोकन किया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- फर्जी पासपोर्ट मामला: जाली बर्थ सर्टिफिकेट से अन्ना नगर के पते से बने 40 पासपोर्ट, भोपाल में 5 पर FIR दर्ज