
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के ग्राम बिलावली की 9000 वर्गफीट कृषि भूमि की रजिस्ट्री का विवाद कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचा। शिकायतकर्ता निर्मलाबाई सचदेव ने वर्ष 2002 में तैयार बताई जा रही रजिस्ट्री को फर्जी और कूटरचित बताते हुए उसकी प्रामाणिकता पर सवाल उठाए हैं।
शिकायत में सबसे गंभीर आपत्ति 15 हजार रुपये के उस स्टाम्प को लेकर है, जो रिकॉर्ड के अनुसार स्टाम्प वेंडर को 5 जून 2013 को जारी किया गया था, जबकि कथित रजिस्ट्री वर्ष 2002 की बताई जा रही है।
शिकायत के अनुसार ग्राम बिलावली के सर्वे नंबर 130/5/2/2 की 0.084 हेक्टेयर भूमि निर्मलाबाई ने अल्पना तिवारी से एक जुलाई 2007 को अनुबंध के जरिए पूरी राशि चुकाकर खरीदी थी। हालांकि विक्रय पत्र का पंजीयन शेष था। इसके लिए न्यायालय ने 16 जून 2017 को उनके पक्ष में पंजीयन कराने का आदेश भी दिया था।
बाद में मामला हाई कोर्ट पहुंचा। अक्टूबर 2022 में अल्पना तिवारी के पति प्रदीप तिवारी से राजीनामा होने का उल्लेख भी शिकायत में किया गया है। अब सामने आई कथित पुरानी रजिस्ट्री के दस्तावेज में स्टाम्प की तारीख और अन्य विवरणों को संदिग्ध बताते हुए निर्मलाबाई ने रिकार्ड रूम, पंजीयन शुल्क की रसीद, स्टाम्प रजिस्टर और मिनिट्स बुक की जांच कराने की मांग की है।
गीता भवन ट्रस्ट द्वारा संचालित गीता भवन अस्पताल और बीएम मित्तल अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में शिकायत की गई। शिकायतकर्ता पांडुरंग सुखवाड़े ने कलेक्टर शिवम वर्मा को आवेदन सौंपकर अस्पतालों में कथित अनियमितताओं और मरीजों की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
साथ ही अस्पताल परिसर में नगर निगम की अनुमति के बिना दुकानें बनाने का आरोप भी लगाया। शिकायतकर्ता का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन और पूर्व में की गई शिकायतों के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर अंडरग्राउंड मेट्रो: ‘नर्मदा’ के बाद ‘सरस्वती’ ने शुरू किया दूसरी सुरंग बनाना
कलेक्टर जनसुनवाई में करीब 325 आवेदक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर शिवम वर्मा और अन्य अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनीं और तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। गोरी नगर निवासी एक बुजुर्ग दंपती को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए। दंपती में शामिल 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला कैंसर से पीड़ित हैं और उनका उपचार शासकीय अस्पताल में चल रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के लालबाग में मिली होलकरकालीन तिजोरी, खोलकर देखा जाएगा क्या है उसमें