
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। धार रोड पर रविवार सुबह सवारियों से भरी एक बस के अचानक यू-टर्न लेने से बड़ा हादसा होते-होते बचा। सामने से आ रही चार्टर्ड बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पंजाबी देशी ढाबे में जा घुसी। टक्कर से चार्टर्ड बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में फंस गया। उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ। वहीं, अचानक हुए झटके से कुछ यात्री सीटों से टकराकर घायल हो गए।
चंदन नगर टीआई तिलक करोले के अनुसार, घटना रविवार सुबह करीब सात बजे ग्रीन पार्क कालोनी के सामने हुई। चार्टर्ड बस (एमपी 09 एफए 9237) धार से इंदौर की ओर आ रही थी। उसी समय गंगवाल बस स्टैंड से छाबड़ा ट्रेवल्स की बस (एमपी 11 पी 0842) भी धार के लिए रवाना हुई थी। इस बस के ड्राइवर ने पेट्रोल पंप की ओर जाने के लिए अचानक यू-टर्न ले लिया।
अचानक मुड़ने के कारण चार्टर्ड बस के ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला। उसने टक्कर टालने के लिए बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन बस सड़क से नीचे उतरकर ढाबे में जा घुसी। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर गजराज, निवासी इंदौर उसमें फंस गया। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में राजवाड़ा पर पीएम ई-बस हुई बेकाबू, चार लोगों को कुचला, एक की मौत, तीन घायलों की हालत गंभीर
सुबह का समय होने के कारण चार्टर्ड बस में बैठे कई यात्री सो रहे थे। अचानक हुए हादसे से वे संभल नहीं पाए और कुछ यात्री सीटों से टकराकर चोटिल हो गए। बस के ढाबे में घुसते ही अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय ढाबा बंद था और कर्मचारी सो रहे थे। यदि ढाबे में ग्राहक मौजूद होते, तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। टीआई के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह छाबड़ा ट्रेवल्स की बस के ड्राइवर संजय गिरवाल, निवासी सरदारपुर की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में हुए हादसे के बाद राजवाड़ा नो बस जोन हुआ घोषित, ई-रिक्शा पर कोई रोक नहीं