
Chhath Puja 2023: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नियम और संयम से सूर्य आराधना के पूजन के चार दिनी छठ पर्व के तीसरे दिन रविवार को हजारों व्रतधारियों ने अस्त होते प्रत्यक्ष देवता सूर्य को ठंडे जल से भरे कुंड में खड़े होकर नमन किया। करीब 125 जगह प्राकृतिक और कृत्रिम जलकुंडों में कमर तक पानी में खड़े होकर अर्घ्य दिया गया और छठ मैया का पूजन किया गया। आयोजन स्थल पर रातभर पूजन का उल्लास नजर आया। वेदी बनाकर पूजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम और आतिशबाजी भी हुई। पारंपरिक लोकगीत गूंजे। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होगा।
स्कीम नंबर 54 में युवतियों ने छठ पूजन को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। - नईदुनिया
घाटों पर शाम 4 बजे से ही लोगों के जुटने का सिलसिला शुरू हो गया था। शहर में स्कीम 78, तुलसी नगर, समर पार्क निपानिया, पीपल्याहाना तालाब, सिलिकान सिटी, शंखेश्वर सिटी, वेंकटेश नगर में बनाए गए घाटों पर अर्घ्य दिया गया। श्यामनगर एनेक्स, एरोड्रम रोड, अन्नपूर्णा तालाब, सूर्य मंदिर कैट रोड सुखलिया, शिप्रा, देवास नाका इत्यादि जगहों पर पर सार्वजनिक छठ महापर्व के कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। यहां रातभर समाजजनों का मेला लगा रहा।
सुखलिया में सूपड़े में पूजन सामग्री सजाकर व्रतधारियों ने छठ मैया को भोग लगाया। - नईदुनिया
पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संस्थान के अध्यक्ष जगदीश सिंह व महासचिव केके झा ने बताया कि शहर में करीब 125 स्थानों पर छठ महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। इस मौके पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई थी। साथ ही आतिशबाजी भी हुई। व्रतधारियों ने सुपड़ी में फलों को सजाकर रखा था। इसके साथ ही छठ मैया को ठेकुआ, मालपुआ, खीर-पूरी, हलवा, चावल के बने लड्डुओं का भोग लगाया गया। इस दौरान छठ मैया की कहानी भी सुनाई गई।
भोजपुरिया वेलफेयर सोसायटी द्वारा छठ महोत्सव का आयोजन व्यंकटेश नगर एक्सटेंशन में किया गया। अध्यक्ष बटेश्वरनाथ सिंह ने बताया कि शाम को अस्त होते सूर्य को अर्घ्य समाजजन ने दिया। इसके बाद रातभर छठी मैया की पूजा अर्चना हुई। 20 नवंबर को उगते सूर्य को सुबह अर्घ्य दिया जाएगा और शाम को 6 बजे से भंडारा होगा।
चार दिनी छठ पर्व का समापन सोमवार को सुबह 6.42 बजे के बाद होगा। उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण होगा। निर्जला व्रत की शुरुआत शनिवार को खरना के बाद हुई थी। अर्घ्य के दौरान नारियल, मौसमी फल, अक्षत, सिंदूर, धूप, दीप, थाली, लौटा अन्य सामग्री लेकर आए थे। इस मौके पर महिलाओं ने वेदी पर पूजा भी की।