
कपिल नीले, नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के स्वाध्यायी विद्यार्थियों को संकाय बदलने की सुविधा तो दे दी है, लेकिन आदेश देरी से आने के कारण विद्यार्थियों की परेशानी बढ़ गई है। खासकर पीजी प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के सामने असमंजस की स्थिति है।
परीक्षा शुरू होने में महज 12 दिन शेष हैं और अब संकाय परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जबकि विद्यार्थी परीक्षा फार्म भरकर संकाय और विषयों का चयन कर चुके हैं। ऐसे में उनका सवाल है कि परीक्षा के ठीक पहले इस सुविधा का क्या लाभ मिलेगा।
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) ने स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा एक नवंबर से निर्धारित की है। नियमित विद्यार्थियों के साथ स्वाध्यायी विद्यार्थियों ने भी आवेदन कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक उच्च शिक्षा विभाग ने संकाय परिवर्तन की जिम्मेदारी सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय को सौंपी है।
पहले यह सुविधा केवल नियमित विद्यार्थियों को मिलती थी। प्रवेश के दौरान विद्यार्थियों की योग्यता जांचने के लिए साक्षात्कार लिया जाता है। इसके बाद विश्वविद्यालय पात्रता प्रमाण पत्र जारी करता है, जिसके आधार पर दूसरे संकाय में प्रवेश लिया जा सकता है। अब स्वाध्यायी विद्यार्थियों को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है।
संकाय बदलने के इच्छुक विद्यार्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। अग्रणी कॉलेजों को नोडल केंद्र बनाया गया है। यहां अलग-अलग संकायों के लिए समितियां गठित होंगी। इनमें प्राचार्य और तीन विषय विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। समिति साक्षात्कार के जरिए विद्यार्थियों की योग्यता का आकलन करेगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर के डीएवीवी ने 5 प्रतिशत बढ़ाई सेमेस्टर परीक्षा की फीस, तीन लाख विद्यार्थियों पर बढ़ेगा बोझ
12वीं के बाद स्नातक में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी भी संकाय बदल सकेंगे। इसके लिए उन्हें साक्षात्कार और प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उनकी वार्षिक परीक्षा मार्च से मई के बीच होने के कारण पर्याप्त समय रहेगा। वहीं, स्नातक उत्तीर्ण विद्यार्थियों को पीजी में मेजर-माइनर के अलावा अन्य विषय चुनने के लिए साक्षात्कार देना होगा। प्राचार्य की अध्यक्षता में दो विषय विशेषज्ञ उनका आकलन करेंगे। समिति की रिपोर्ट के आधार पर पात्रता प्रमाण पत्र जारी होगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने 30 किमी दूर बनाए परीक्षा केंद्र, विद्यार्थियों की बढ़ी परेशानी
स्वाध्यायी विद्यार्थी भी अपना संकाय बदल सकते हैं। इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो अग्रणी कालेजों के मार्गदर्शन में की जाएगी। चूंकि नवंबर में स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा है। उसे ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय बुधवार को नोटिफिकेशन जारी करेगा। जिन विद्यार्थियों को संकाय बदलना है, वे आवेदन कर सकते हैं। - डॉ. अशेष तिवारी, परीक्षा नियंत्रक, डीएवीवी