
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर-खंडवा राजमार्ग पर बन रही सुरंग से निकलने को लेकर वाहन चालक विवाद करने लगे हैं। सुरंग का रास्ता निर्माण एजेंसी ने बंद कर रखा है। महज तीन किलोमीटर का चक्कर बचाने के लिए ग्रामीण और वाहन चालक बैरिकेड हटाकर निकल रहे हैं। यहां तक कि लोगों ने सुरंग के प्रवेश द्वार पर लगे गेट का ताला तक तोड़ दिया और जबरन अंदर जाने की कोशिश की। मना करने पर निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों से बहस और विवाद करते हैं।
राजमार्ग पर तीन सुरंग बनाई जा रही हैं। इनका निर्माण अभी तक पूरा नहीं हुआ है। चोरल में करीब 500 मीटर लंबी सुरंग का रास्ता बंद कर रखा है। यहां तक कि सुरक्षा के लिए सुरंग के दोनों ओर लोहे के गेट और बैरिकेड लगाए हैं।
साथ ही सुरक्षाकर्मियों की तैनाती भी की गई है, ताकि कोई वाहन चालक निकल न सके। मगर पिछले छह महीने से वाहन चालक मनमानी करने में लगे हैं। इसके चलते एजेंसी को काम करने में परेशानी हो रही है। सोमवार को भी दुपहिया और कार चालकों ने गेट और बैरिकेड हटाकर सुरंग से निकले।
चोरल की सुरंग की सुरक्षा को लेकर चिंता इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि पिछले साल जून में भारी बारिश के दौरान इसका एक हिस्सा ढह गया था। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत भी हुई थी। इसके बाद निर्माण कार्य लंबे समय तक प्रभावित रहा। अब सुरंग को मजबूत बनाने के लिए विशेष तकनीकी तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर-खंडवा रेल लाइन पर धीमी होगी ट्रेन, 20-30 किमी की रफ्तार; 16 सुरंगों और अंडरपास से सुरक्षित रहेंगे तेंदुए-बाघ
निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और सुरंग का रास्ता दोबारा बंद कराया। मेघा इंजीनियरिंग के प्रोजेक्ट हेड नागेश्वर राव ने बताया कि सिमरोल थाना, एसडीएम और संबंधित विभागों को कई बार शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इसके लिए अब एसपी को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है। वे कहते हैं कि सुरंग से लोगों को निकलने और सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर-खंडवा-इच्छापुर राजमार्ग पर बन रही तीन आधुनिक सुरंगें, जनवरी से शुरू होगी तीन लेन की आवाजाही