
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एयरपोर्ट रोड पर मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। निर्माण काम में लगी क्रेन से 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। भारी सामान उठा रही क्रेन की चेन बुजुर्ग के सिर से टकरा गई और वो वही गिर पड़े। गंभीर हालत में उन्हें पहले भाटिया अस्पताल और फिर शैल्बी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 13 दिन तक चले उपचार के बाद गुरुवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान विनोद कसलीवाल के रूप में हुई है। उनके बेटे विकास ने बताया घटना 30 अक्टूबर की है। सरकारी प्रेस से सेवानिवृत्त विनोद पुत्र फूलचंद कासलीवाल निवासी सीताश्री अपार्टमेंट एयरपोर्ट रोड घर से पैदल मंदिर के लिए निकले थे।
इसी दौरान सड़क पर मेट्रो प्रोजेक्ट का काम चल रहा था। निर्माण कार्य में लगी क्रेन भारी सामान उठा रही थी। तभी अचानक क्रेन की चेन का एक हिस्सा विनोद के सिर पर लगा। चोट लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पहले भाटिया अस्पताल में उपचार चला, बाद में हालत गंभीर होने पर शैल्बी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार दोपहर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। विकास के अनुसार हादसा क्रेन चालक और निर्माण कार्य में लगी एजेंसी की लापरवाही से हुआ है। विनोद सरकारी प्रेस में पदस्थ रहे हैं। विनोद के दो बेटे हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर के बीएसएफ परिसर में बन रहे अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के लिए विद्याधाम की पार्किंग बनेगी एंट्री गेट
यह भी पढ़ें- इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो को लेकर विरोध जारी, टीबीएम के कर्व की वजह से बदला गया है रूट