
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अवैध लकड़ी के परिवहन और कारोबार पर रोक लगाने के लिए वन विभाग ने सातों दिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा रखी है। बावजूद इसके अवैध लकड़ी का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। लकड़ी माफिया अब अंधेरे का फायदा उठाते हुए रात के समय जीएनटी टिम्बर मार्केट में वाहन खाली करवा रहे है।
देवास की ओर से डकाच्या और सांवेर क्षेत्र में भी बिना ट्रांजिट पास (टीपी) लकड़ी का परिवहन जारी है। अब वरिष्ठ अधिकारियों ने अवैध कारोबार पर लगाम कसने को लेकर रणनीति में बदलाव किया है। अब प्रत्येक नाके पर टीम की नजर रहेंगी।
जीएनटी टिम्बर मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में अवैध वनोपज पहुंचने की शिकायतों के बाद वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) ने अक्टूबर को आदेश जारी कर सातों दिन रात्रि गश्त का रोस्टर बनाया। टीमें सोमवार से रविवार रात को मैदान में नजर भी आती है, लेकिन लकड़ी माफिया अभी विभाग को चकमा देने में आगे है।
रात में गश्त करने की जिम्मेदारी अधीक्षक सुभाष शर्मा, सहायक वन संरक्षक प्रीति शाक्या सहित उप वनमंडलाधिकारी और वन परिक्षेत्राधिकारियों ने संभाल रखी है। डीएफओ लाल सुधाकर सिंह का कहना है कि अब गोदाम में रखे लकड़ियों का ब्यौरा व्यापारियों से मांगा है। यहां तक कि टीम को जांच के निर्देश दिए गए है।
आदेश में स्पष्ट किया गया था कि जीएनटी मार्केट और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। बिना टीपी लकड़ी लेकर आने वाले वाहनों को रोका जाए और अवैध वनोपज मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही हर दिन गश्त की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया था। इसके बावजूद रात में लकड़ी से भरे वाहन पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
वन विभाग ने लकड़ी माफिया पर लगाम कसने को लेकर रणनीति बदल दी। गश्त करने के बावजूद मंडी में अवैध परिवहन कर लकड़ियां लाई जा रही है। आरोप है कि स्थानीय अमले की कथित मिलीभगत से वाहन बिना रोकटोक निकल रहे हैं और लकड़ी को बाजार तक पहुंचाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में लकड़ी के अवैध परिवहन पर सख्ती, अब रोज बदलेगी वन अधिकारियों की ड्यूटी, तस्करों पर रहेगी पैनी नजर
इसके लिए अब विभाग ने गोदामों पर रखे लकड़ियों के स्टाक को सत्यापित करने का फैसला लिया है। जल्द ही लकड़ी कारोबारियों के गोदाम पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान व्यापारियों को स्टाक का ब्यौरा देने के साथ ही बिल-वाउचर भी प्रस्तुत करना होंगे।
यह भी पढ़ें- सागौन तस्करों के हौसले बुलंद: बस्तर के बनियागांव में अवैध कटाई रोकने पहुंचे वनकर्मियों पर जानलेवा हमला