
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कनाडा और अलास्का क्रूज की विदेश यात्रा का झांसा देकर एक परिवार से 14 लाख 38 हजार रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी करने वाली फर्जी ट्रैवल एजेंट को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली आरोपित महिला ने कम शुल्क में वीजा, क्रूज रिजर्वेशन और एयर टिकट दिलाने का भरोसा देकर लाखों रुपये की ठगी की। बाद में फर्जी टिकट थमाकर मोबाइल बंद कर लिया और फरार हो गई।
पुलिस ने सोमवार को आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया। उससे ठगी की राशि बरामद करने के लिए पूछताछ की जा रही है। आरोपित की पहचान पूजा सिंह उर्फ तिवारी (28), निवासी सेक्टर-29, फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। वह 12वीं तक शिक्षित है और खुद को टूर एंड ट्रैवल्स एजेंट बताकर लोगों को विदेश यात्रा के पैकेज का झांसा देती थी। पलासिया क्षेत्र में रहने वाले परिवार ने 17 जुलाई 2026 को इस मामले में शिकायत की थी।
जांच में सामने आया कि पीड़ित परिवार ने कनाडा और अलास्का क्रूज यात्रा की योजना बनाई थी। इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उनका संपर्क पूजा सिंह से हुआ। पूजा ने कम खर्च में कनाडा का वीजा, क्रूज रिजर्वेशन, होटल बुकिंग और एयर टिकट कराने का झांसा दिया।
झांसे में आकर परिवार ने नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच आरोपी महिला पूजा के पति के बैंक खाते में आरटीजीएस, चेक और ऑनलाइन माध्यम से आठ लाख 67 हजार 947 रुपये जमा कराए। इसके अलावा मेकमायट्रिप और एयरबीएनबी पर होटल व टिकट बुकिंग के नाम पर पांच लाख 70 हजार रुपये और लिए। इस तरह आरोपित महिला ने कुल 14 लाख 38 हजार दो रुपये हड़प लिए।
पूरी राशि लेने के बाद जब यात्रा का समय नजदीक आया, तो पूजा ने ना तो वीजा दिया और ना ही असली टिकट उपलब्ध कराए। परिवार को टालने के लिए उसने गलत बायोमेट्रिक तारीख और फर्जी एयर टिकट का पीएनआर नंबर थमा दिया। परिवार ने जब इसकी जांच की, तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 'बंटी-बबली' की पुलिस रिमांड दो दिन बढ़ी, फ्लैट दिलाने के नाम पर की थी करोड़ों की ठगी
इसके बाद आरोपित महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और परिवार से संपर्क तोड़कर फरार हो गई। पुलिस आरोपित महिला के पति की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि उसने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।
यह भी पढ़ें- रायपुर के इंजीनियर से 2.96 लाख की ठगी, खाता ब्लॉक फिर भी कटे पैसे