
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाला संगठित गिरोह इंदौर में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य लोगों को निवेश का लालच देकर ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों के जरिये इधर-उधर करते थे। म्यूल खातों की जांच में गिरोह का नेटवर्क सामने आया, जिसके बाद तुकोगंज पुलिस ने केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इस संगठित धोखाधड़ी में कुल नौ करोड़ रुपये से ज्यादा के लेनदेन की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल, पांच एटीएम कार्ड, चेकबुक और लैपटाप सहित अन्य सामान जब्त किया है। तुकोगंज टीआई जितेंद्र चौहान के अनुसार, राज्य साइबर सेल (मुख्यालय) और एनसीआरपी पोर्टल से म्यूल खाते का डेटा मिला था।
आरोपी आमिर के यूनियन बैंक खाते में करोड़ों रुपये का लेनदेन हुआ था। उसके विरुद्ध महाराष्ट्र में तीन शिकायतें दर्ज थीं। यह खाता फीनिक्स इन्फिनेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से था। आरोपी के खाते में विभिन्न शहरों से करीब नौ करोड़ रुपये जमा हुए थे।
शिकायतों के बाद पुलिस ने 4 करोड़ 53 लाख रुपये फ्रीज करवा दिए थे। टीआई के अनुसार, आरोपित आमिर पुत्र मुन्ना खां निवासी स्नेह नगर, गोपालगंज, सागर फिलहाल महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में रहता है। पूछताछ में उसने मयूर शेख निवासी सिकंदराबाद कालोनी, खजराना का नाम भी बताया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में साइबर ठगी का शिकार हुआ प्रॉपर्टी ब्रोकर, फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 7.50 लाख की चपत, FIR दर्ज
दबाने का आरोप पुलिस के अनुसार, आमिर के नाम से कंपनी संचालित की जा रही थी, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपित दिल्ली में रहता है। गिरोह में सागर के कई युवक शामिल हैं। नवलखा क्षेत्र में कार्यालय संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने तीन मोबाइल, पांच एटीएम कार्ड, चेकबुक और लैपटाप जब्त किए हैं, निवेशक पहले भी शिकायतें कर चुके हैं। आरोप है कि जांच करने वालों ने लेनदेन कर मामले दबा दिए।
यह भी पढ़ें- फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर इंदौर में महिला ने युवक से ठग लिए 9 लाख रुपये