
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लसूड़िया पुलिस ने मंगलवार रात एक फर्जी एडवाइजरी फर्म पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को पकड़ा। ये फर्जी सिमकार्ड के जरिये निवेशकों को कॉल कर ठगी कर रहे थे। पुलिस को 20 लाख रुपये से ज्यादा का लेन-देन मिला है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई देवासनाका पर की गई।
आरोपी फर्जी सिमकार्ड से लोगों को कॉल कर निवेश के नाम पर ठगी कर रहे थे। पुलिस को लेन-देन का आंकड़ा तो मिल गया, लेकिन अब तक कोई फरियादी सामने नहीं आया है। मौके से अनिरुध्द चौहान, संदीप भारद्वाज, सोनू यादव, सुनील सिंह को पकड़ा गया।
इनके विरुद्ध दूरसंचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बापजी नगर स्थित सानवी रिसर्च कंपनी पर भी छापा मारा। कर्मचारियों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध नहीं कराने पर कंपनी संचालक संदीप कुमार के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
संयोगितागंज पुलिस ने एक छात्रा की शिकायत पर एडवाइजरी फर्म संचालक के विरुद्ध धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपी ने शेयर बाजार में निवेश और दोगुना रिटर्न देने का झांसा देकर छात्रा से पांच लाख रुपये ले लिए। शुरुआत में विश्वास बनाए रखने के लिए पांच माह तक 20 हजार रुपये दिए, लेकिन बाद में बहाने बनाने लगा। आरोपित धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में ग्वालियर जेल में निरुद्ध है। उसके विरुद्ध एमआईजी थाने में भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
टीआई नीरज मेढ़ा के अनुसार, रेडियो कॉलोनी निवासी दुर्गा भागवत ने आरोपित प्रांजल शर्मा के विरुद्ध शिकायत की थी। छात्रा ने अपने माता-पिता से रुपये लेकर प्रांजल को ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। आरोपित ने विश्वास बनाए रखने के लिए पांच माह तक 20 हजार रुपये दिए, लेकिन इसके बाद रकम लौटाने में आनाकानी करने लगा।
यह भी पढ़ें- ऑपरेशन मैट्रिक्स : इंदौर पुलिस का म्यूल खातों और फर्जी सिम पर शिकंजा, 16 केस में 44 आरोपी
इसी बीच छात्रा के माता-पिता का निधन हो गया और दो छोटे भाइयों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी भी उस पर आ गई। छात्रा ने प्रांजल से मूल राशि वापस मांगी तो वह बहाने बनाने लगा। परेशान होकर छात्रा ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। मंगलवार को पुलिस ने प्रांजल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली।
यह भी पढ़ें- एमपी में साइबर ठगों का नया पैंतरा, ATM से रुपये निकाल शेयर बाजार में लगा रहे ठग, I4C के डेटा से हो रही पहचान