इंदौर में अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ छठे दिन भी अनशन, महापौर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
इंदौर में अवैध होर्डिंग, बैनर और स्वागत द्वार हटाने की मांग को लेकर पांडेय दंपत्ति का अनशन छठे दिन जारी रहा। महापौर ने जल्द आदेश का आश्वासन दिया।
Publish Date: Tue, 22 Sep 2026 01:33:30 PM (IST)Updated Date: Tue, 22 Sep 2026 01:33:30 PM (IST)
इंदौर में अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ छठे दिन भी अनशन। (नईदुनिया)HighLights
- अवैध होर्डिंग हटाने की मांग को लेकर अनशन छठे दिन जारी।
- महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आंदोलनकारियों से फोन पर चर्चा की।
- महापौर ने जल्द सख्त आदेश जारी करने का आश्वासन दिया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर को अवैध होर्डिंग्स, बैनर और स्वागत द्वारों से मुक्त कराने के लिए समाजसेवी प्रहलाद पांडेय और संगीता पांडेय का अनिश्चितकालीन अनशन लगातार छठे दिन भी जारी रहा। इस बीच, महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आंदोलनकारियों से फोन पर चर्चा कर जल्द सख्त आदेश जारी करने का आश्वासन दिया है। वहीं, अपनी मांगों को लेकर नागरिक अब मंगलवार को नगर निगम की जनसुनवाई का रुख करेंगे।
जल्द जारी होंगे आदेश
- शहर से अवैध बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स एवं स्वागत द्वार हटाने की मांग को लेकर समाजसेवी प्रहलाद पांडेय और संगीता पांडेय का अनिश्चितकालीन अनशन सोमवार को छठवें दिन भी जारी रहा।
- महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भूख हड़ताल कर रहे प्रहलाद को फोन कर अवैध बैनर, पोस्टर एवं स्वागत द्वारों के विषय में चर्चा की। अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार सुबह 11 बजे रीगल तिराहे से नागरिक नगर निगम की जनसुनवाई के लिए जाएंगे।
प्रशासन तक पहुंच रही नागरिकों की आवाज
- प्रहलाद के अनसुार बातचीत के दौरान महापौर ने विशेष रूप से गणेश उत्सव के दौरान लगाए गए स्वागत द्वारों, बैनर-पोस्टरों आदि के संबंध में राय जानी। बातचीत में महापौर ने कहा कि वे जल्द ही इस संबंध में आदेश जारी कर रहे हैं।
- यह बातचीत इस बात का संकेत है कि शांतिपूर्ण जनआंदोलन के माध्यम से उठाई गई नागरिकों की आवाज प्रशासन तक पहुंच रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आदेश के वास्तविक क्रियान्वयन और शहर से अवैध सामग्री हटाए जाने को ही आंदोलन की वास्तविक प्रगति मानेंगे।
खुले आसमान के नीचे संघर्ष, मिल रहा भारी जनसमर्थन
- भरी दोपहर की तपती गर्मी में बिना किसी टेंट के पांडेय दंपत्ति रीगल तिरारहे पर बैठे हैं। रात में भी दोनों खुले आसमान के नीचे वहीं विश्राम करते हैं। कुछ कार्यकर्ता पूरी रात वहां पहरा देकर उनका साथ दे रहे हैं।
- आंदोलन को लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। चौराहे से निकलने वाले लोग हाथ हिलाकर और रूक-रूककर समर्थन व्यक्त कर रहे हैं। समर्थन देने पहुंचने वाले लोग कहते हैं कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। डटे रहिए।
यह भी पढ़ें- इंदौर में तीसरी बार नो कार डे, आज सड़कों पर नहीं दौड़ेंगी निजी कारें
नगर निगम की जनसुनवाई में नागरिकों का आह्वान
- अवैध बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स के खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार सुबह 11 बजे रीगल तिराहे से नागरिक नगर निगम की जनसुनवाई के लिए जाएंगे। पांडेय दंपत्ति ने इंदौर के नागरिकों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचकर नागरिक आंदोलन को मजबूती दें।
- यह लड़ाई किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है। यह कानून के सम्मान, शहर की व्यवस्था और समान रूप से कानून लागू किए जाने की मांग है। इंदौर में चाहे किसी भी व्यक्ति, संस्था या राजनीतिक दल का बैनर हो यदि वह अवैध है तो उस पर कार्रवाई हो।
यह भी पढ़ें- त्योहारों पर घर जाना हुआ आसान, रेलवे ने चलाई महू-रीवा स्पेशल ट्रेन, इंदौर से चलने वाली कई ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए