
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। तीन दिन पहले फूटी कोठी की सर्विस रोड पर लगने वाली जिस सब्जी मंडी को नगर निगम ने हटाया था, कांग्रेस ने मंगलवार को फिर उसे लगवा दिया। कांग्रेस नेता सुबह से फूटी कोठी चौराहे पर पहुंचे। सर्विस रोड पर बीते दिनों तक दुकान लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं को बुलाया। मंडी को उन्होंने फूटी कोठी फ्लाईओवर के बोगदों में सजा दिया। कांग्रेस नेता खुद भी सब्जी वालों के साथ सब्जी बेचते दिखे। सुबह से शाम तक दुकानें लगी रहीं।
इंदौर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे एवं नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट कार्यकर्ताओं के साथ सब्जी वालों के पास पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महापौर ने खुद घोषणा की थी कि ब्रिज के बोगदों के नीचे सब्जी की दुकानें लगेंगी। अब उन बोगदों की जगह को निजी लोगों को किराए पर देना चाहते हैं। इसलिए गरीब सब्जी वालों को हटाया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने 2025 में इस संबंध में महापौर के मीडिया में दिए बयान का वीडियो भी जारी किया। चौकसे ने कहा कि जब महापौर ने यह घोषणा कर दी थी कि इन सब्जी विक्रेताओं को पुल के नीचे जगह दी जाएगी तो फिर उसका क्रियान्वयन क्यों नहीं हुआ।
जब अधिकारियों के द्वारा इन सब्जी विक्रेताओं की दुकान हटाकर उन्हें चंदन नगर में जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है तो इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव कौन सी मजबूरी में चुप बैठे हुए हैं? उन्होंने सवाल किया कि क्या इंदौर नगर निगम के अधिकारी एक बार फिर महापौर की बात नहीं सुन रहे हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में फूटी कोठी पर सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम, विरोध में उतरे लोग
यदि ऐसा है तो महापौर को जनता के बीच में आकर कहना चाहिए। ऐसे में महापौर को इन गरीब सब्जी वालों के साथ आकर खड़ा होना चाहिए और कहना चाहिए कि नहीं इनकी दुकान तो फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे ही लगेगी। कांग्रेस के पार्षद राजू भदौरिया, अमित पटेल, सादिक खान, अंदर अंसारी, शैलेश गर्ग, रवि कांत मिश्रा, देवेंद्र यादव और ब्लाक अध्यक्ष भी मौके पर मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- इंदौर के फूटी कोठी में सब्जी मंडी हटने से सर्विस लेन हुई चौड़ी, दुकानदारों ने दिया धरना