Indore Crime News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। आजाद नगर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कालोनी में रहने वाले एक युवक के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है।आरोपित ने बच्ची को चाकू अड़ाकर फिल्मी अंदाज में अगवा कर लिया। हत्या की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और कहा कि घटना के संबंध में किसी से जिक्र किया तो भाई की हत्या कर देगा।
पुलिस के मुताबिक, मामला हरतालिका तीज की रात का है। इदरिश नगर में रहने वाली बच्ची की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित अरुण परिहार के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या की धमकी, पाक्सो एक्ट और अपहरण की धाराओं में केस दर्ज किया है। बच्ची रात करीब 10 बजे हरतालिका तीज पूजने के लिए मौसी के घर रवाना हुई थी। रास्ते में कालोनी में रहने वाला अरुण मिला और चाकू अड़ा दिया। उसने कहा कि बाइक पर नहीं बैठी तो गर्दन काट देगा।
आरोपित एक मकान में ले गया और बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद बच्ची घर गई और मां से मिली।घटना से वह काफी सहम गई थी। उसने उस वक्त तो मां को कुछ नहीं बताया, लेकिन बाद में पूरी घटना बताई।गुरुवार को वह माता-पिता के साथ थाने पहुंची और आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करवाया। एसआइ कल्पना चौहान ने पीड़िता के कथन लिए और मेडिकल परीक्षण करवाया।
कनाड़िया थाना क्षेत्र में भी दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कनाड़िया पुलिस ने 14 वर्षीय लड़की की शिकायत पर मकान मालिक के बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 18 अगस्त की बताई गई है। आरोपित ने किशोरी को काम के बहाने बुलाया और बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।उ सने धमकी दी कि घटना के संबंध में बताने पर बदनाम कर देगा। घर का सामान बाहर फेंक कर उसके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा देगा।
पीड़िता का स्वास्थ्य खराब रहने लगा तो करीब एक महीने बाद उसने माता-पिता को घटना के बारे में बताया। इस पर गुरुवार को आरोपित विनय के खिलाफ केस दर्ज करवाया। एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेंद्रसिंह के मुताबिक, आरोपित विनय को गिरफ्तार कर लिया है।