
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है। नकाबपोश तीन बदमाशों ने वारदात की है। बदमाश 25 लाख रुपये कीमती हीरे जड़ित सोने के आभूषण चुरा कर ले गए हैं। पुलिस को तीनों के सीसीटीवी फुटेज हाथ लगे हैं। टीआई हितगोपाल यादव के अनुसार घटना सुदामा नगर (ए-सेक्टर) में रहने वाली 60 वर्षीय इंदु प्रकाश जैन के घर में हुई है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार को ताला लगाकर बहन आशा के साथ राऊ में रहने वाले भाई मोनू के घर गई थी। रात को वह आशा के घर (सुदामा नगर) ही रुक गई थी। तड़के करीब पांच बजे पड़ोसी प्रकाश जैन व पीयूष जैन ने काल कर बताया घर में चोर घुसे हैं। इंदु घबराते हुए आई तो देखा बेडरूम की अलमारी टूटी है और लॉकर से हीरे का हार सेट, कान के टाप्स, सोने की चेन, हीरे के टाप्स, सोने की अंगूठियां, सोने की चूड़ियां, ब्रेसलेट सहित अन्य सामान नहीं था।
इंदु के अनुसार बदमाश तड़के 4.20 पर आए थे। तीनों ने मुंह पर रुमाल बांधा था। आरोपितों ने मुख्य दरवाजे का ताला काटकर घुसे। अलमारी का लॉकर तोड़ा। पड़ोसी प्रकाश ने बताया कि वे खंडवा जाने के लिए उठे थे। पत्नी सपना ने देखा कुछ लोग इंदु के घर में घुसे हैं और टार्च से किचन में तलाशी ले रहे हैं। प्रकाश और पीयूष ने अन्य लोगों को उठाया तो बदमाश उनके सामने ही फरार हो गए।
उपड़ीनाथा की चोरी में खुड़ैल के बदमाशों की तलाश
कनाड़िया थाना अंतर्गत उपड़ीनाथा गांव में हुई चोरी में पुलिस को सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस को खुड़ैल थाना क्षेत्र के बदमाशों पर शक है। बदमाशों ने प्रवीण सिंह तोमर सहित तीन अन्य मकानों में वारदात की थी और लाखों रुपये की चांदी व सोने के आभूषण चुरा लिए थे।