
Indore Crime News: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। तुकोगंज थाना क्षेत्र में दिल्ली के एक व्यापारी की कार होटल की पार्किंग से सुरक्षाकर्मी बिना बताए ले भागा। तभी ट्रैकिंग सिस्टम से मोबाइल पर संदेश आया, इसके बाद पुलिस की मदद से चंद मिनट में कार खोज निकाली और सिक्योरिटी गार्ड को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, फरियादी मनीष कुमार निवासी दिल्ली ने बताया कि वे अपनी कार से बच्चों की परीक्षा दिलवाने इंदौर आए हैं। परिवार सहित कंचन होटल में ठहरे थे। इस दौरान कार होटल की पार्किंग में खड़ी कर चाबी सिक्योरिटी गार्ड को सौंप दी। तभी रात में ट्रैकिंग सिस्टम पर पता चला कि उनकी कार चल रही है। रूम से निकलकर वे पार्किंग में पहुंचे तो वहां कार नहीं दिखी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
.jpg)
सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश रघुवंशी ट्रैकिंग सिस्टम पर दिख रहे स्थान पहुंचे तो कार गुलमोहर कालोनी पलासिया में मिली। होटल से लेकर कालोनी तक लगे कैमरों के फुटेज में सिक्योरिटी गार्ड ही कार चलाता दिखाई दिया, जिसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने ट्रायल के लिए कार चुराई थी। मामले में पुलिस ने आरोपित विनोद पुत्र रामलखन निवासी जगदीशपुर (रायबरेली) के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।