
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क में महिला का नाम सामने आया है। सराफा पुलिस ने उसके विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। इस महिला के बैंक खाते में पांच लाख रुपये से अधिक की ठगी की रकम आई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खाते से जुड़ी देश के अलग-अलग राज्यों में 19 ऑनलाइन शिकायतें पुलिस को मिल चुकी है।
टीआइ दीपसिंह के मुताबिक राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से मिले पत्र और केंद्रीय गृह मंत्रालय के 14सी विंग के एनसीआरपी पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत संदिग्ध म्यूल खातों की जांच की जा रही है। इसी दौरान आईसीआईसीआई बैंक (राजबाड़ा) के एक खाते की जानकारी सामने आई। उक्त खाता गाडराखेड़ी निवासी 30 वर्षीय दिव्या नागोरे के नाम पर खुलवाया गया था।
टीआई के अनुसार जांच में पता चला कि उक्त खाते का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था। देश के अलग अलग राज्यों में रहने वाले 19 पीड़ितों ने उसमें शिकायतें भी की है।
सराफा पुलिस ने धान गली निवासी तूहीन विश्वजीत गुराई की शिकायत पर भी धोखाधाड़ी का केस दर्ज किया है। 29 वर्षीय तूहीन मूलत:माधव चौक पश्चिम मेदनापुर पश्चिम बंगाल का है और सोना चांदी के आभूषण बनाने का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह इंस्टाग्राम पर रील देख रहा था।
यह भी पढ़ें- घर बैठे जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने के नाम पर रिटायर्ड कर्मचारी से दो लाख की ठगी, क्राइम ब्रांच ने वापस कराई रकम
अचानक सामने आई एक लिंक पर क्लिक कर दिया और मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। उसने लिंक डिलिट की लेकिन थोड़ी देर बाद 1 लाख 30 हजार रुपये कटने का मैसेज आ गया।
यह भी पढ़ें- रिटायर्ड टीचर ने Delivery App से मंगवाई 5 किलो शक्कर, ठगों ने खाते से 99 हजार उड़ाए