
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दोहरा हत्याकांड (पिता-पुत्री) को अंजाम देकर फरार हुए बदमाश को एरोड्रम पुलिस ने गुरुग्राम से पकड़ा है। आरोपित सरदार के वेश में विभिन्न स्थानों पर फरारी काट रहा था। पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड से संपर्क किया और नया नंबर हासिल कर गुरुग्राम से पकड़ लिया। डीसीपी जोन-1 नरेंद्रसिंह रावत के अनुसार आरोप है कि हर्ष यादव ने अपने पिता राजू यादव और बहन हर्षिता यादव की हत्या की है।
घटना के बाद वह फ्लाइट से दिल्ली गया और मोबाइल बंद कर लिया। पुलिस ने बुधवार को उसे गुरुग्राम से पकड़ लिया। उसने पहचान छुपाने के लिए सरदार का वेश बना लिया था। पगड़ी बांधकर होटलों में रुक रहा था। एक स्थान से पुलिस को फुटेज मिला, जिसमें वह भुगतान करता दिखा। इसके बाद चकमा देकर आगे निकल गया।
कॉल डिटेल में पुलिस को हर्ष की गर्लफ्रेंड का नंबर मिला। पुलिस ने उसे भरोसे में लिया और हर्ष का नया नंबर ले लिया। जैसे ही उसकी ताजा लोकेशन मिली, घेराबंदी कर पकड़ लिया। हर्ष को टीम इंदौर लेकर आ रही है। उसने पूछताछ में पिता और बहन को मारना स्वीकार लिया है। हर्ष ने बताया राजू ने उसे गोद लिया था।
यह भी पढ़ें- इंदौर में पिता और बहन की हत्या का आरोपी हर्ष यादव दिल्ली से गिरफ्तार, वेश बदलकर घूम रहा था
अशोक नगर में बेची प्रापर्टी के रुपये नहीं दे रहा था। उसे अरिहंत नगर में अकेले रहना पड़ रहा था। ऑटो रिक्शा चला कर गुजारा कर रहा था। राजू और हर्षिता कालानी नगर में रहने आ गए थे।
राजू को दोस्त (नाबालिग) के माध्यम से रूम पर बुलाया और चाकू मारकर हत्या कर दी। बाद में शव हातोद क्षेत्र में नाले में फेंक दिया। तड़के हर्षिता के घर आया और उसका भी गला घोंट दिया।
यह भी पढ़ें- इंदौर दोहरा हत्याकांड: 5 महीने पहले रची थी पिता और बहन की हत्या की साजिश