
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर में हुए दोहरे हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। पिता और बहन की देखभाल की जिम्मेदारी संभालने वाले बेटे ने ही दोस्त के साथ मिलकर दोनों की हत्या कर दी। वारदात के पीछे प्रॉपर्टी की बिक्री के पैसे और दस्तावेज हासिल करने का मकसद सामने आया है। आरोप है कि वह दस्तावेज अपने कब्जे में लेना चाहता था। इसी लालच में उसने दोस्त के साथ मिलकर पिता और बहन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्रसिंह रावत के मुताबिक, शुक्रवार शाम कालानी नगर स्थित किराए के मकान में हर्षिता का शव मिला था। रहवासियों ने मकान बंद देखकर मकान मालिक अरविंद कोठारी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की जांच की तो बेडरूम में हर्षिता का शव पड़ा मिला। उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था। शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई।
शव करीब एक दिन पुराना बताया गया था। पुलिस ने उसके पिता राजू की तलाश शुरू की और उन पर ही हत्या का शक जताया। हर्षिता का भाई हर्ष भी गायब था। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान रात में खबर आई कि राजू की भी हत्या हो गई है। उसका शव हातोद और गांधीनगर के बीच जंबूड़ी के नाले में पड़ा मिला।
राजू की पीटकर हत्या की गई थी और शव नाले में फेंक दिया गया था। उनका पंजा भी कटा हुआ था। मामला दोहरे हत्याकांड का होने पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर रात में ही अमन नामक युवक को पकड़ लिया। अमन ही सवारी बनकर राजू के आटो में बैठकर जंबूड़ी हबसी ले गया था।
पुलिस की जांच में हत्या की वजह प्रॉपर्टी के दस्तावेज हासिल करना सामने आया है। बताया जा रहा है कि हर्षिता के पास संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और प्रॉपर्टी बिक्री से मिली नकदी थी। हर्ष इन दस्तावेजों को हासिल करना चाहता था।
इसी बात को लेकर उसने अपने दोस्त अमन के साथ मिलकर पिता और बहन की हत्या की योजना बनाई। बताया जाता है कि तंबोली बाखल स्थित एक मकान का सौदा भी राजू ने कर दिया था। उसमें से भी हर्ष को कुछ नहीं मिला। विवाद होने पर राजू बेटी हर्षिता के साथ किराए के मकान में रहने आ गए।
यह भी पढ़ें- Indore Crime News: बहन के घर रुकना पड़ा महंगा, सूने घर से हीरे जड़े गहने हुए चोरी
टीआई मनोज सेंधव के अनुसार, परिवार मूल रूप से तंबोली बाखल का रहने वाला है। राजू यादव और हर्षिता करीब एक साल से कालानी नगर स्थित किराए के मकान में रह रहे थे। हर्षिता की मां का पहले ही निधन हो चुका था। उसका भाई अलग रहता था। फिलहाल हर्ष की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसका पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें- साइबर ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाली महिला पर FIR, चार राज्यों में दर्ज हैं फ्रॉड की शिकायतें