
Indore Bijli Company: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मौसम जल्द गर्म होने के साथ ही इस बार ग्रीष्म ऋतु लंबी चल सकती है। आसार हैं कि तापमान के साथ इस बार इंदौर में बिजली की मांग व खपत भी पुराने रिकार्ड तोड़ देगी। इस वर्ष ग्रीष्मकाल में शहर की बिजली की मांग 700 मेगावाट तक पहुंच सकती है। बिजली कंपनी के प्रबंध निदेशक अमित तोमर ने गर्मी से पहले शहर में मेंटेनेंस का अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

खंडवा रोड स्थित साउथ जोन-220 केवी के ग्रिड पर मेंटेनेंस का काम करते कर्मचारी।
शहर अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा ने बताया कि खंडवा रोड स्थित साउथ जोन-220 केवी के ग्रिड पर रविवार को अभियान चलाकर मेंटनेंस किया गया। यहां से निकलने वाले बिजली वितरण कंपनी के 33 केवी फीडरों पर बस बार बदलने के साथ अन्य कार्य किया गया। इससे इंदौर के नौलखा, चोइथराम मंडी, जूनी इंदौर, सरवटे बस स्टैण्ड, सपना संगीता रोड, भंवरकुआं, पालदा, नेमावर रोड,व अन्य क्षेत्रों के लिए बिजली प्रदाय व्यवस्था और भी गुणवत्ता के साथ सुधार होगा।
इसी के साथ औद्योगिक क्षेत्र पालदा के लिए 33 केवी और 11 केवी के 10 किमी नए कंडक्टर भी डाले गए। शहर अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा ने बताया कि रविवार को मेंटनेंस के लिए चले इस महाभियान का नेतृत्व कार्यपालन यंत्री डीके तिवारी ने किया। मेंटनेंस के इस कार्य में सात इंजीनियर सहित 70 बिजली कर्मचारी करीब पांच घंटे तक जुटे रहे। चोइथराम सब्जी मंडी के ग्रिड में भी कार्य किया गया। अगले 15 दिनों में शहर के विभिन्न ग्रिडों पर मेंटेनेंस कर जरूरी सुधार किए जाएंगे।