
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर में खजराना के सर्वे नंबर 66/2 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी में बने 70 मकानों को प्रशासन ने हटाने की तैयारी पूरी कर ली है। जमीन की नपती के अलावा लोगों को नोटिस जारी कर स्वयं निर्माण हटाने की समझाइश भी दी गई।
सोमवार शाम को एसडीएम धनश्याम धनगर फिर कृष्णबाग कॉलोनी पहुंचे और उच्च न्यायालय के आदेशानुसार होने वाली कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस बल की उपलब्धता के अनुसार मंगलवार या बुधवार को कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
दरअसल हाई कोर्ट ने सर्वे नंबर 66/2 स्थित कृष्णबाग कॉलोनी की जमीन का असली भू-स्वामी श्रीराम बिल्डर शशिभूषण खंडेलवाल को मानते हुए प्रशासन को 30 दिन में उक्त जमीन से अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए हैं। इसकी समय सीमा 26 नवंबर को समाप्त हो रही है, इसलिए प्रशासन ने अवैध निर्माणों को हटाने की तैयारी पूरी कर ली है।
एसडीएम धनश्याम धनगर बीते तीन दिनों से लगातार रहवासियों के बीच पहुंच रहे हैं और स्वयं मकान हटाने की समझाइश दे रहे हैं, ताकि प्रशासन की कार्रवाई में सामान का नुकसान न हो। गौरतलब है कि यहां पर 2024 में भी प्रशासन ने हाई कोर्ट के निर्देश पर सात मकानों को हटाया था।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कृष्णबाग कॉलोनी के रहवासियों को हाईकोर्ट से लगा झटका, याचिका में दिया स्टे हटाया
कृष्णबाग कॉलोनी के रहवासियों ने कार्रवाई रुकवाने के लिए लगातार तीन दिन रीगल चौराहे पर धरना दिया। धरना देने के दौरान महिलाएं और पुरुष सभी मौजूद रहे। रहवासी नारायण यादव और गौरी सिंह का कहना है कि उनके पक्ष को नहीं सुना गया और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर भी नहीं दिया गया। जीवनभर की कमाई लगाकर प्लाट खरीदे हैं और इसकी रजिस्ट्री भी कराई। जिन्होंने प्लाट बेचे उनके ऊपर कार्रवाई नहीं हुई। मकान टूटने पर परिवार को लेकर कहां जाएंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में 70 से ज्यादा मकानों को हटाने की तैयारी, धरने पर बैठे रहवासी