
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। खाद्य एवं औषधि विभाग खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए लगातार अभियान चलाता है। बीते तीन महीनों में ही दर्जनों जगहों पर कार्रवाई करते हुए सैकड़ों फूड सैंपल जांच के लिए कलेक्ट किए गए हैं, लेकिन बात जब पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की शुद्धता परखने की हो तो इसे लेकर विभाग के अधिकारी लापरवाह नगर आते हैं।
जनवरी से लेकर अब तक विभाग ने बोतलबंद पानी की शुद्धता जांचने के लिए सिर्फ 20 जगहों से ही नमूने लिए हैं। ये सारे नमूने भी गर्मी के दिनों में कलेक्ट किए गए। हालांकि गनीमत रही है कि इन सभी जगहों से लिए गए नमूने भोपाल टेस्टिंग लैब से आई रिपोर्ट में पास हो गए।
गौरतलब है कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने पिछले दिनों देशभर में पैकेज्ड पानी के बड़े ब्रांड के सैंपल जांच के लिए संग्रहित किए थे। इसमें एक नामी ब्रांड का पैक्ड वाटर मानकों पर खरा नहीं उतरा था।
खाद्य विभाग की टीम ने इस साल निरीक्षण करते हुए पैकेज्ड पानी के सैंपल पालदा स्थित दया आयुर्वेद, पिपलियाहाना चौराहे की द वर्मा कंपनी के चटोरी ब्रांड, मैकेनिक नगर स्थित त्रिवेना इंटरप्राइजेस का ब्रांड क्रिस्टल एक्वा, प्रजापतनगर स्थित दंशिका फूड एंड बेवरेजेस, सुखलिया क्षेत्र की किरण ट्रेडिंग से बिसलेरी और बांगड़दा की पूजा श्री बेवरेज समेत अन्य प्रतिष्ठानों से सैंपल एकत्रित किए थे। हालाकि जांच में सभी सैंपल पास रहे और पीने योग्य पानी पाया गया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बोरिंग से पहले निगम पता लगाएगा पानी निकलेगा या नहीं, जलसंकट से बचने के लिए फैसला
इंदौर में छोटे-बड़े हर आयोजन में इन दिनों पैकेज्ड वाटर उपलब्ध कराने का ट्रेंड चल पड़ा है। कई लोग इसके लिए बड़े कैम्पर का इस्तेमाल करते हैं, तो वहीं बहुत से लोग शुद्धता के मद्देनजर बोतलबंद पानी मुहैया कराना पसंद करते हैं। अब शादी का सीजन शुरू हो गया है ऐसे में बोतलबंद पानी की डिमांड भी बहुत बढ़ गई है। शहर में रोजाना लाखों लीटर पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की खपत हो रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में यशवंत सागर को नर्मदा के पानी से भरा जाएगा, जलसंकट होगा दूर
गर्मी में हमारी टीम ने पैक्ड वाटर के 20 सैंपल लिए जो जांच में सही पाए गए थे। आगे भी हम इस तरह सैंपल जांच में लेंगे। - मनीष स्वामी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी