
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कम बारिश के कारण इस बार इंदौर के यशवंत सागर में जलस्तर अपेक्षाकृत कम है। इससे पश्चिमी इंदौर के करीब डेढ़ लाख घरों में जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। इस स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने यशवंत सागर को नर्मदा के पानी से भरने का प्रस्ताव नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण को भेजा था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी देने पर सहमति दी। इससे पश्चिमी क्षेत्र में जल उपलब्धता मजबूत होने की उम्मीद है। इंदौर में संभावित जल संकट को लेकर सोमवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट शामिल हुए।
वहीं, इंदौर से शहर के अन्य जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर शिवम वर्मा और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में हिस्सा लिया। मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल और अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई भी भोपाल में मौजूद रहे।
इंदौर में इस बार मानसून सीजन में सामान्य से करीब 40 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इस कारण अभी से जल संकट की आशंका बढ़ने लगी है। बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आगामी एक वर्ष में शहर की जल समस्या से निपटने के लिए राज्य सरकार से 110 करोड़ रुपये की विशेष सहायता मांगी। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों का ब्योरा देते हुए बताया कि इस राशि से 100 नए टैंकर खरीदे जाएंगे, जिन पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसके अलावा नए ट्यूबवेल के खनन के लिए 15 करोड़, नए संपवेल के निर्माण के लिए 10 करोड़, राऊ-बिलावली जलप्रदाय व्यवस्था के विकास के लिए 20 करोड़ और टैंकरों के माध्यम से जल परिवहन एवं वितरण व्यवस्था के लिए 40 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी।
बैठक में टैंकरों की उपलब्धता, नए ट्यूबवेल, संपवेल, जल परिवहन और वैकल्पिक जलस्रोतों सहित सभी संभावित व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। नगर निगम आगामी गर्मी को देखते हुए वार्डवार जल उपलब्धता और जरूरत का आकलन कर रहा है। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां जलप्रदाय की वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जा रही है।
यह भी पढ़ें- MP में कम बारिश वाले जिलों में जल संकट से निपटने के लिए बनेगी प्लानिंग
नर्मदा-गंभीर लिंक परियोजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्य के लिए सिंचाई की व्यवस्था करने के उद्देश्य से नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण ने पाइपलाइन बिछाई है। यह पाइपलाइन यशवंत सागर तक पहुंचती है। जानकारों के मुताबिक, वर्ष 2018 में भी इसी पाइपलाइन के माध्यम से नर्मदा का पानी यशवंत सागर में पहुंचाया गया था।
यह भी पढ़ें- इंदौर के इंडस्ट्रियल एरिया में जल संकट का खतरा, पानी की कमी से कई फैफ्ट्रियों पर लग सकता है ताला
यशवंत सागर से पश्चिमी क्षेत्र की 30 टंकियों को भरा जाता है। अभी यशवंत सागर में जनवरी तक इन टंकियों को भरने के लिए पानी उपलब्ध है। हमारी कोशिश है कि दिसंबर के अंत तक यशवंत सागर में नर्मदा का पानी पहुंच जाए, ताकि आगामी चार महीनों तक इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र में निर्बाध जलापूर्ति की जा सके। - पुष्यमित्र भार्गव, महापौर