नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के होलकर विज्ञान महाविद्यालय में होली के कार्यक्रम में रेन डांस की अनुमति नहीं मिलने से आक्रोशित विद्यार्थियों ने कॉलेज की प्राचार्या (प्रिंसिपल) और प्रोफेसरों को करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। उन्होंने उस यशवंत हॉल की बिजली सप्लाय भी बंद कर दी, जहां प्रोफेसरों को बंधक बनाया गया था।
विद्यार्थी यहीं नहीं रुके। उन्होंने हॉल के बाहर धरना देते हुए जमकर नारेबाजी भी की। प्राचार्या की शिकायत के बाद कलेक्टर ने इस मामले की जांच एडीएम को सौंप दी है। शिकायत पुलिस तक भी पहुंच गई है। घटना में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के छात्र नेताओं के शामिल होने की बात भी सामने आई है।
प्राचार्या के निर्देश पर पोस्टर हटाए जाने की खबर लगने के बाद एबीवीपी कार्यकर्ता और विद्यार्थी प्राचार्या से मिलने पहुंचे, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। दोपहर करीब तीन बजे जब प्राचार्या और करीब 30 प्रोफेसर यशवंत हाल में एक बैठक में व्यस्त थे, एबीवीपी के कार्यकर्ता और विद्यार्थी वहां पहुंचे और नारेबाजी करने लगे।
उन्होंने प्राचार्या और प्रोफेसरों को हाल में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और धरने पर बैठ गए। हंगामा कर रहे विद्यार्थियों ने एमसीबी गिरा दी, जिससे यशवंत हाल की बिजली सप्लाय बंद हो गई। करीब एक घंटे तक यशवंत हाल के बाहर हंगामा होता रहा।
घबराए प्रोफेसरों ने फोन कर कर्मचारियों को बुलाया, जिसके बाद बिजली बहाल हो सकी। मामले की सूचना मिलने पर भंवरकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की। प्रदर्शन खत्म होने के बाद भी कुछ छात्र नेता दबाव बनाने के लिए प्राचार्या के कक्ष में पहुंच गए।
होलकर कॉलेज में एबीवीपी ने कोई प्रदर्शन नहीं किया। विद्यार्थी अपने स्तर पर होली पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे थे। इसमें कुछ एबीवीपी कार्यकर्ता शामिल थे। संगठन की प्रदर्शन में कोई भूमिका नहीं है। रितेश पटेल, प्रभारी (होलकर कॉलेज), एबीवीपीए
होलकर कॉलेज की प्राचार्या से मामले की शिकायत मिली है। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस थाने पर भी की है। हमने एडीएम को मामले की जांच के लिए कहा है। वे मंगलवार को जांच शुरू करेंगे। जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी की जाएगी। होली के मौके पर भी इस मामले में नजर रखी जाएगी। पुलिस भी अपनी कार्रवाई करेगी। आशीष सिंह, कलेक्टर इंदौर