
डिजिटल डेस्क। इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए 11 अक्टूबर का दिन बेहद रोमांचक होने वाला है, क्योंकि इस दिन स्थानीय होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं।
दर्शकों और टीवी स्क्रीन पर मैच देखने वालों को एक नया अनुभव देने के लिए इस बार मैदान की आउटफील्ड पर घास को एक खास 'चेक्स' (चौकड़ी) पैटर्न में काटा जा रहा है। इस रोमांचक मुकाबले के लिए दोनों देशों की टीमें 10 अक्टूबर को चार्टर्ड प्लेन के जरिए इंदौर पहुंचेंगी।
यह भी पढ़ें- सड़क हादसे में दूध व्यवसायी की मौत के छह साल बाद कोर्ट का फैसला, परिवार को 36 लाख रुपये क्षतिपूर्ति मिलेगी
मैदान को आकर्षक बनाने के साथ-साथ तकनीकी काम भी तेजी से चल रहा है। आउटफील्ड में चेक्स डिजाइन उभारने के अलावा जंगली घास को हटाने और पानी डालकर घास को सेट करने का काम लगातार जारी है। इसके साथ ही बाउंड्री लाइन पर डिजिटल एलईडी बोर्ड लगाए जाने हैं। इन स्क्रीन्स के लगने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बाउंड्री को अंतिम रूप दिया जाएगा।
स्टेडियम में बैठकर मैच का लुत्फ उठाने वाले फैंस के लिए अच्छी खबर है। इस अहम मुकाबले के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग की शुरुआत 25 सितंबर से हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- दूध के दाम बढ़ाने की मांग पर किसान आंदोलन तेज, आज सांची डिपो घेरेंगे दूध उत्पादक; ये हैं मांगें