
प्रेम जाट, नईदुनिया इंदौर। खजराना गणेश मंदिर में आम श्रद्धालुओं को कतार में लगने के बजाय जल्दी दर्शन करने के लिए 100 रुपये की रसीद कटवानी पड़ती है। लेकिन इस सशुल्क दर्शन व्यवस्था को ताक पर रखकर कुछ लोग रसीद से ज्यादा रसूख के फोन के आधार पर गर्भगृह के बाहर बने हाल तक पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।
नईदुनिया ने शुक्रवार को मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था का लाइव हाल जाना तो पाया कि यहां पांच श्रद्धालुओं को बिना शुल्क दिए हाल में प्रवेश दिया गया। सुरक्षा गार्ड ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि छोटे पंडितजी का फोन आया था, इसलिए प्रवेश दिया गया। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। शाम पांच बजे से 5:20 बजे तक 15 से 20 लोगों को फोन आने पर प्रवेश दिया गया।
खजराना गणेश मंदिर के पीछे सशुल्क दर्शन वाले प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्ड तैनात थे। यहां से गर्भगृह के सामने वाले हिस्से में जाने के लिए रसीद कटवानी पड़ती है। दर्शन के लिए आए कुछ लोगों ने गार्ड से फोन पर किसी से बात कराई और बिना रसीद प्रवेश पा लिया। जब गार्ड से पूछा गया कि बिना शुल्क प्रवेश कैसे दिया गया, तो उसने बताया कि छोटे पंडितजी का फोन आया था।
कारण पूछने पर गार्ड ने मोबाइल में सेव नाम पंडित ब्रजेंद्र त्रिपाठी से फोन पर बात भी कराई। बातचीत के दौरान पंडितजी ने बिना शुल्क प्रवेश देने से इन्कार किया और कहा कि उन्होंने गार्ड को शुल्क लेकर ही प्रवेश देने के लिए कहा था। इस दौरान एक गार्ड अंदर दौड़कर गया और उन पांच लोगों में से एक को बुलाकर लाया, जिन्हें कुछ देर पहले बिना रसीद प्रवेश दिया गया था। इसके बाद उनसे शुल्क देने के लिए कहा गया।
मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए मौजूद पुजारियों के फोन पर श्रद्धालुओं को प्रवेश मिल रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब प्रवेश शुल्क तय है, तो फोन पर मिली अनुमति किस नियम के तहत दी जा रही है। यदि हर व्यक्ति किसी परिचित या पुजारी का नाम लेकर प्रवेश पा सकता है, तो रसीद व्यवस्था की औपचारिकता क्यों की जा रही है?
100 रुपये शुल्क की पर्ची कटवाए बिना कुछ श्रद्धालु गर्भगृह के प्रवेश द्वार तक पहुंचकर माथा टेकते नजर आए। वहां मौजूद पुजारी और सुरक्षा गार्ड उन्हें आगे ले जा रहे थे। पूछने पर बताया गया कि मनौती मांगने वालों को गेट पर माथा टेकने दिया जाता है। गर्भगृह के प्रवेश द्वार पर पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं होने से कुछ लोग भीतर कदम भी रख देते हैं।
यह भी पढ़ें- फिर विवादों में विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष, अब खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह का वीडियो आया सामने
मंदिर में अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, लेकिन वीआईपी प्रवेश वाले हिस्से में भी फोन के दबाव के आगे वे लाचार दिखाई देते हैं। शुल्क लेने की जिम्मेदारी निभाने वाले गार्ड को ही लोगों के दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ता है। इस व्यवस्था से मंदिर की आय को नुकसान होने के साथ ही सामान्य श्रद्धालुओं में भी असमानता का भाव पैदा हो रहा है।
यह भी पढ़ें- खजराना मंदिर के गर्भगृह में घुसने पर MLA के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला सहित 5 लोगों पर होगी कार्रवाई
मंदिर में बिना रसीद और छोटे पंडितों द्वारा फोन कर लोगों को प्रवेश देने का दबाव बनाने की शिकायत मिली है। इसके लिए व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है। शुल्क वाले हिस्से में किसी को भी बिना रसीद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। - गौरीशंकर मिश्रा, सहायक प्रबंधक, खजराना गणेश मंदिर