
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। कृष्णाबाग कॉलोनी में न्यायालय के आदेश पर प्रशासन और नगर निगम ने 42 मकान तोड़ दिए। अब यहां मलबे का ढेर है और रहवासी मकान टूटने का गम नहीं भुला पा रहे हैं। शुक्रवार को प्रभावित परिवारों ने पत्रकार वार्ता कर आरोप लगाया कि उनके मकान फर्जी दस्तावेजों के आधार पर तोड़े गए। उन्होंने पूरे मामले में राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों और भू-माफिया की मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
अधिवक्ता कुशाग्र चौहान, अक्षय पंवार और पंकज तिवारी ने दस्तावेजों के आधार पर अपना पक्ष रखते हुए बताया कि कृष्णाबाग कॉलोनी सर्वे नंबर 66 की 4.51 एकड़ जमीन पर बसी है। इस जमीन के मूल मालिकाना हक को लेकर विवाद है। उनका कहना है कि वर्ष 1996 में अली मोहम्मद ने सुरेश सिलावट के साथ जमीन का अनुबंध किया था। इसके बाद जमीन की खरीद-बिक्री और कालोनी बसाने की प्रक्रिया में कई गड़बड़ियां हुईं।
रहवासियों ने सवाल उठाया कि जब तत्कालीन नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने 13 अगस्त 2021 को भवन निर्माण की अनुमति निरस्त कर दी थी और संबंधित न्यायालयीन मामले में याचिका भी वापस ली जा चुकी थी, तो फिर नगर निगम को पक्षकार बनाए बिना मकानों को तोड़ने की कार्रवाई कैसे की गई। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने पुराने आदेशों और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को नजरअंदाज किया।
पीड़ित परिवारों ने पूरे मामले की हाई कोर्ट की निगरानी में जांच कराने, दोषी अधिकारियों और अन्य जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा बेघर हुए 42 परिवारों को मुआवजा और रहने की उचित व्यवस्था देने की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी पीड़ितों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
यह भी पढ़ें- इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी पर चला बुलडोजर: 42 मकान जमींदोज, दो दशक की लापरवाही से जीवनभर की कमाई पर फिरा पानी
रहवासियों ने लगाए ये आरोप
यह भी पढ़ें- कृष्णबाग कॉलोनी में टूटे 42 मकानों के मलबे से सरिये व ईंट निकालते दिखे लोग, किराये के कमरों में ली शरण