
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। फूटी कोठी सब्जी मंडी को लेकर चल रहे विवाद में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने इस दौरान एक निगमकर्मी को चांटा मार दिया। इसके बाद माहौल गरमा गया। पुलिस ने मिमरोट सहित सात लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
देर शाम जिला कोर्ट ने नेता प्रतिपक्ष सहित चार महिलाओं को जेल भेज दिया। हंगामे की शुरुआत बुधवार सुबह करीब नौ बजे हुई। फूटी कोठी ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी लगाने पर अड़े कांग्रेसी सुबह मौके पर पहुंचे। उन्होंने सर्विस रोड से हटाए गए सब्जी विक्रेताओं के साथ मिलकर ब्रिज के नीचे बोगदे में मंडी लगा ली।
खबर जैसे ही निगम अधिकारियों तक पहुंची तो वे सक्रिय हो गए। कुछ ही देर में निगम की रिमूवल टीम मौके पर पहुंची और सब्जी की दुकानें हटाने लगी। इसे लेकर कांग्रेसी नेताओं, कार्यकर्ताओं और निगमकर्मियों के बीच विवाद शुरू हो गया। बहस से शुरू हुआ यह हंगामा देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गया।
सब्जी विक्रेताओं के हंगामे के दौरान एक बार स्थिति बिगड़ने लगी। हालत यह हो गई कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पार्षद राजू भदौरिया सहित प्रदर्शनकारियों को टांगाटोली कर वहां से हटा दिया। हंगामा करीब तीन घंटे तक चलता रहा। इस दौरान चौराहे पर जाम की स्थिति बनती रही।
ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी लगाने पर अड़े कांग्रेसियों और सब्जी विक्रेताओं में निगम की कार्रवाई को लेकर इतना जबरदस्त आक्रोश था कि उन्होंने निगमकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। आक्रोशित विक्रेताओं ने पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की। उन्होंने विरोध जताते हुए न केवल सड़क पर सब्जियां फेंकी, बल्कि निगम कर्मचारियों और पुलिस की ओर भी सब्जियां फेंककर अपना आक्रोश जाहिर किया।
इस दौरान पुलिस ने जब नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को मौके से हटाया तो उन्होंने गुस्से में आकर निगम के एक कर्मचारी को चांटा मार दिया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई।
यह भी पढ़ें- इंदौर के फूटी कोठी में सब्जी मंडी हटने से सर्विस लेन हुई चौड़ी, दुकानदारों ने दिया धरना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निगमकर्मी रिमूवल बेलदार सचिन बमनेरे की शिकायत पर द्वारकापुरी थाने में शासकीय काम में बाधा संबंधी धाराओं में कुल सात लोगों पर केस दर्ज हुआ है। आरोपितों में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट के अलावा रक्षा गोडके, गायत्री कोटे, सोना चौधरी, अमित माटेजा, प्रह्लाद पांडे और अतुल लावरे शामिल हैं।
इनमें से चारों महिलाओं को जेल भेज दिया गया, जबकि शेष को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने पार्षद राजू भदौरिया की शिकायत पर उन्हें लात मारने के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में फूटी कोठी पर जिस सब्जी मंडी को नगर निगम ने हटाया, कांग्रेस नेताओं ने फिर लगवाया