
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। सुदामानगर (मेन) में रहने वाले सुनील सोनी के घर से लाखों रुपये कीमत के सोने और हीरे के आभूषण चोरी हो गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। शादी समारोह के लिए अलमारी खोली तो आभूषण गायब मिले। घर में हड़कंप मचने के बाद पुलिस ने नौकरानी पिंकी को पकड़ा। पूछताछ में पता चला कि वह पिछले नौ महीने से चोरी कर रही थी और लाखों रुपये के आभूषण पार कर चुकी थी।
अन्नपूर्णा पुलिस ने गुरुवार रात सुनील पुत्र लक्ष्मीनारायण सोनी की शिकायत पर पिंकी के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया। शुरुआती पूछताछ में पिंकी (श्रद्धा सबुरी कॉलोनी) ने चोरी से साफ इनकार कर दिया। पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल खंगाला तो ब्वॉयफ्रेंड युवराज के साथ हुई बातचीत सामने आई। चैट में लाखों रुपये के लेनदेन की जानकारी और आभूषणों के फोटो भी मिले।
आमना-सामना कराने पर दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पिंकी ने बताया कि वह आभूषण चुराकर युवराज को देती थी। युवराज इलेक्ट्रिशियन है। उसने कुछ आभूषण बेच दिए, जबकि कुछ गिरवी रखकर ऋण ले लिया। दोनों ने कपड़ों और मोबाइल पर भी जमकर रुपये खर्च किए।
पिंकी ने चोरी के आभूषणों से मिले रुपयों से एफडी भी करवा ली थी। चोरी किए गए आभूषणों में सोने का हार, चूड़ियां, टाप्स, अंगूठियां, मंगलसूत्र, लौंग, नथ, हीरे की अंगूठियां, बिछुड़ी और पेंडल शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लिया है।
बाणगंगा थाना क्षेत्र के पोलोग्राउंड में हुई पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने दुकानदार के नौकर और उसके साथी को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने अपने दोस्तों से चोरी करवाना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को दिशा मार्केटिंग के संचालक अनिल अरोड़ा ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। चोर दुकान के गल्ले से पांच लाख रुपये नकद चुराकर ले गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपित विशाल श्यामलाल वर्मा और उसके दोस्त को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें- शिवपुरी में ‘समझदार भैंस’: 18 KM चोरों के साथ चली, मौका मिलते ही मालिक के घर पहुंचवाया
लसूड़िया थाना क्षेत्र के कासा ग्रीन सिटी (तलावली) निवासी विजेंद्रसिंह सेंगर के मकान में चोरी की वारदात हुई। चोर घर से सोने के कड़े, मंगलसूत्र और नकदी चुराकर ले गए। इसी तरह पलासिया थाना क्षेत्र के मनोरमागंज निवासी चंद्रप्रकाश सूरजमल के घर से सोने की चार चूड़ियां चोरी हो गईं।
यह भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड को iPhone देने की चाहत में चोर बना युवक, मोबाइल दुकान से चोरी कर भागा; गिरफ्तार