
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के मध्य क्षेत्र की घनी आबादी के बीच स्थित मल्हारगंज पाली क्लीनिक में प्रसूति की सुविधा तो मौजूद है, लेकिन यहां चेकअप के लिए आने वाली गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए सोनोग्राफी की व्यवस्था ही नहीं है।
अस्पताल में मौजूद सोनोग्राफी मशीन लंबे अरसे से बंद पड़ी है, इसके चलते गर्भवती महिलाओं को जब सोनोग्राफी की जरूरत पड़ती है तो उन्हें एमटीएच महिला प्रसूति गृह, पीसी सेठी अस्पताल या एमवाय अस्पताल के लिए रैफर कर दिया जाता है।
अस्पताल में कोई स्त्री रोग विशेषज्ञ भी नहीं है, जिसके चलते यहां सेक्शन सी डिलीवरी नहीं की जाती है, साथ ही केस जटिल होने की स्थिति में उसे एमटीएच अस्पताल में रैफर कर दिया जाता है।
मल्हारगंज अस्पताल में वर्तमान में एक भी स्त्री रोग विशेषज्ञ मौजूद नहीं है। बीते दिनों अटैचमेंट खत्म किए जाने के बाद यहां पदस्थ प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नुसरत खान को 18 अक्टूबर को उनकी मूल पदस्थापना वाली जगह मानपुर भेज दिया गया है। ऐसे में अब अस्पताल में मौजूद आयुष डॉक्टर निधि जैन द्वारा जांच के लिए आने वाली महिलाओं को चेकअप किया जा रहा है।
अस्पताल में सोनोग्राफी जांच न होने से गर्भवती महिलाओं को रैफर किया जा रहा है। पांच महीने की गर्भवती 23 वर्षीय कुसुम कुमावत को सामान्य चेकअप तो कर दिया गया, लेकिन सोनोग्राफी के लिए उन्हें एमटीएच अस्पताल जाने को कहा गया। इसी तरह नगीन नगर से अपने पति वीरेंद्र सोनकर के साथ आईं 27 वर्षीय रमा देवी को भी सोनोग्राफी की सुविधा न होने से वापस लौटाना पड़ा।
यह भी पढ़ें- 400 बेड का एमटीएच अस्पताल, लेकिन मेडिसिन-सर्जरी ओपीडी नहीं; बाउंड्रीवाल नहीं होने से घुसते हैं असामाजिक तत्व
अस्पताल में इसीजी मशीन भी उपलब्ध नहीं है, इसके चलते यहां दिल संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचने वाले मरीजों की बेसिक जांच भी नहीं हो पा रही है। हालांकि अधिकारियों को कहना है कि इसे लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है और नई मशीनें उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के पीसी सेठी अस्पताल में 500 मरीज रोज, 40 को सोनोग्राफी की जरूरत; सुविधा सिर्फ चार दिन!
हमारे यहां की सोनोग्राफी मशीन खराब होने की वजह से गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए दूसरे सरकारी अस्पतालों में रैफर करना पड़ता है। नई मशीन को लेकर हम सीएमएचओ को पत्र भी लिख चुके हैं। जल्द ही अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा दोबारा शुरू हो जाएगी। - डॉ. शैलेंद्र परिहार, प्रभारी, मल्हारगंज पाली क्लीनिक