
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर: शनिवार को नगर निगम में महापौर परिषद (एमआइसी) की बैठक आयोजित हुई। महापौर परिषद में भी मुद्दा गूंजा कि हमेशा से नबंर वन रहा इंदौर स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार नंबर दो कैसे हो गया। जोड़ीदार के रुप में प्रतिभागी बनने के निर्णय पर महापौर परिषद के सदस्य राजेश उदावत ने ही उठाया। दरअसल उदावत का ईशारा स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए बने कंसल्टेंट की भूमिका पर था।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जवाब दिया कि जोड़ी में भले नंबर दो हो लेकिन कुल अंकों में इंदौर सबसे ऊपर है। एमआइसी में शहर के विकास और जल समस्या के निराकरण के लिए रखे गए प्रस्तावों को भी मंजूरी दे दी गई। तय किया गया कि 8 दिसंबर को नगर निगम परिषद का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
देपालपुर के साथ जोड़ीदार के रूप में स्वच्छता सर्वेक्षण में दूसरे नंबर पर आने के बाद से ही नगर निगम के अधिकारियों को कंसल्टेंसी दे रहे बाहरी एजेंसी के लोगों पर सवाल उठ रहे हैं। बीते दिनों शिकायत भी हुई थी कि स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम ने एक कंसल्टेंट तो ऐसा नियुक्त है जिसे अलीराजपुर में सरकारी फंड के भ्रष्टाचार में पूर्व कलेक्टर व अन्य अधिकारियों के साथ सजा मिल चुकी है। निगम में लगातार इस बात के जोर पकड़ने को ही एमआइसी सदस्य द्वारा ताजा बैठक में पूछे गए सवाल का कारण माना जा रहा है।
नागरिकों को उपचारित जल (ट्रीटेड वाटर) उपलब्ध कराने के लिए इंदौर 311 एप के माध्यम से आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक नागरिक एप के माध्यम से आवेदन कर निर्धारित शुल्क का भुगतान करेंगे और घर पर पानी पहुंच जाएगा। शुल्क आधारित आन डिमांड कचरा संग्रहण व्यवस्था के संचालन के लिए एजेंसी निर्धारित करने संबंधी प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। शहर में ग्रीन वेस्ट मैनेजमेंट को प्रभावी बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें- इंदौर के परदेशीपुरा में मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने तीन युवकों को भेजा जेल
बैठक में यशवंत सागर एवं सिरपुर तालाब के लिए वेटलैंड का इंटीग्रेटेड प्लान स्वीकृत किया गया। इस योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश शासन से लगभग 25 करोड़ रुपये की राशि नगर निगम को अनुदान के रूप में प्राप्त होने की संभावना है।बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आवासीय फ्लैट एवं दुकानों के आवंटन संबंधी प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
यह भी पढ़ें- महू छावनी से नर्मदा चतुर्थ चरण पाइपलाइन को रक्षा मंत्रालय की मंजूरी, 5 किमी लाइन के लिए कटेंगे 150 पेड़