महू छावनी से नर्मदा चतुर्थ चरण पाइपलाइन को रक्षा मंत्रालय की मंजूरी, 5 किमी लाइन के लिए कटेंगे 150 पेड़
रक्षा मंत्रालय ने महू छावनी से नर्मदा चतुर्थ चरण की पांच किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने की मंजूरी दे दी है। इससे छावनी को पानी मिलेगा, हालांकि 150 से अधिक पेड़ काटे जाएंगे।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 12:33:38 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 12:33:38 PM (IST)
महू छावनी से नर्मदा चतुर्थ चरण पाइपलाइन को रक्षा मंत्रालय की मंजूरी। (एआई जनरेटेड)HighLights
- रक्षा मंत्रालय ने इंदौर नगर निगम को दी वर्किंग परमिशन।
- महू छावनी में 5010 मीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
- जमीन से 3.5 मीटर नीचे पाइपलाइन, 10 साल का लाइसेंस।
हर्षल गहलोत, महू : महू छावनी क्षेत्र से नर्मदा चतुर्थ चरण परियोजना की पाइपलाइन बिछाने का रास्ता साफ हो गया है। रक्षा मंत्रालय ने इसके लिए रक्षा भूमि के उपयोग की अनुमति देते हुए इंदौर नगर निगम (आइएमसी) को वर्किंग परमिशन देने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
इसके तहत छावनी क्षेत्र में करीब पांच किलोमीटर लंबी और 2235 एमएम व्यास की एमएस ग्रेविटी भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जाएगी। हालांकि, इस काम के लिए छावनी क्षेत्र में 150 से अधिक पेड़ों की कटाई भी की जाएगी।
नगर निगम 5010 मीटर की पाइपलाइन का देगा किराया
- रक्षा मंत्रालय के उप निदेशक (लैंड्स) विक्रम वर्मा की ओर से जारी पत्र के अनुसार इंदौर नगर निगम को महू छावनी की 17,535 वर्गमीटर रक्षा भूमि पर पाइपलाइन बिछाने के लिए लाइसेंस आधार पर अनुमति दी गई है। पाइपलाइन की कुल लंबाई 5010 मीटर होगी। इसके लिए संबंधित भूमि का मूल्य 18 करोड़ 67 लाख 70 हजार 416 रुपये आंका गया है।
निगम को 17,535 रुपये वार्षिक लाइसेंस शुल्क और 93 लाख 38 हजार 521 रुपये रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपाजिट जमा करना होगा। इसमें से रक्षा संपदा अधिकारी (डीईओ) महू को 16,999 रुपये वार्षिक लाइसेंस शुल्क और 90 लाख 43 हजार 85 रुपये सिक्योरिटी डिपाजिट दिया जाएगा। वहीं छावनी परिषद महू को 536 रुपये वार्षिक शुल्क और दो लाख 95 हजार 436 रुपये सिक्योरिटी डिपाजिट मिलेगा। 10 साल का लाइसेंस, दो बार बढ़ाने का विकल्प
रक्षा मंत्रालय ने शुरुआत में 10 वर्ष के लिए भूमि उपयोग का लाइसेंस देने की स्वीकृति दी है। इसे दो बार 10-10 वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा। इस तरह लाइसेंस की अधिकतम अवधि 30 वर्ष होगी। नवीनीकरण के समय तत्कालीन नियमों के अनुसार शुल्क निर्धारित किया जाएगा। भूमि का स्वामित्व भारत सरकार और रक्षा मंत्रालय के पास ही रहेगा। नगर निगम इसे न तो बेच सकेगा और न ही गिरवी रख सकेगा।
जमीन के 3.5 मीटर नीचे डालेंगे पाइपलाइन
पाइपलाइन को जमीन से करीब 3.5 मीटर नीचे बिछाया जाएगा, ताकि भविष्य में भूमि का उपयोग खुले क्षेत्र के रूप में किया जा सके। काम शुरू होने से पहले बोर्ड आफ आफिसर्स जमीन की नाप-जोख और सीमांकन करेगा। निर्माण के दौरान सड़क, बाउंड्रीवाल, केबल या अन्य सर्विस लाइन को नुकसान पहुंचने पर नगर निगम को अपने खर्च पर मरम्मत करानी होगी। सड़क की खोदाई भी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी, ताकि यातायात प्रभावित न हो।
यह भी पढ़ें- इंदौर के परदेशीपुरा में मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने तीन युवकों को भेजा जेल
गंभीर नदी से किशनगंज नाके तक पहुंचेगी पाइपलाइन
- जानकारी के अनुसार नर्मदा चतुर्थ चरण की यह पाइपलाइन डोंगरगांव के पास गंभीर नदी के समीप से महू छावनी क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यहां से खड़े हनुमान मंदिर, पुराने मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग और डा. आंबेडकर स्मारक के पीछे से होते हुए किशनगंज नाके के पास पहुंचेगी। इसके बाद पाइपलाइन इंदौर की ओर जाएगी।
- परियोजना की एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि पाइपलाइन के माध्यम से महू छावनी क्षेत्र को भी पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छावनी में पानी की कमी दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पाइपलाइन बिछाने के लिए छावनी क्षेत्र में 150 से अधिक पेड़ों की कटाई प्रस्तावित है। ऐसे में परियोजना से पानी की उपलब्धता बढ़ने के साथ ही पेड़ों की कटाई का मुद्दा भी महत्वपूर्ण रहेगा।
यह भी पढ़ें- इंदौर के ठेकेदार के घर करोड़ों की चोरी, 7 चाबियों वाली और 200 किलो वजनी तिजोरी से दो किलो सोना-हीरे गायब