
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर की प्राचीन कुएं-बावड़ियों को पुनर्जीवित करने, उनके संरक्षण एवं सुंदरीकरण के लिए नगर निगम निरंतर विकास एवं जीर्णोद्धार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शहर की प्राचीन जल संरचनाओं की सफाई कर उनमें उपलब्ध पानी का उपयोग शहर की जल प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि शहर की प्राचीन कुएं-बावड़ियों की सफाई एवं जीर्णोद्धार के साथ ही उनमें पुनः जल की आवक सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध पानी का उपयोग विभिन्न सार्वजनिक कार्यों में करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जोन तीन के वार्ड 58 अंतर्गत स्थित लगभग 300 वर्ष पुरानी सदर बाजार बावड़ी का नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर सफाई एवं जीर्णोद्धार कार्य कराया गया। इस दौरान बावड़ी से 50 गाड़ी से अधिक गाद निकाली गई।
प्राचीन संरचना होने के कारण बावड़ी के कुछ हिस्सों में धंसाव की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिसे देखते हुए आवश्यक संधारण कार्य भी कराया गया। निगम द्वारा किए गए इन कार्यों के परिणामस्वरूप बावड़ी में पुनः स्वच्छ पानी की आवक प्रारंभ हो गई है।
बावड़ी में पानी की उपलब्धता को देखते हुए जोनल अधिकारी राज ठाकुर के निर्देशन में यहां हाइड्रेंट स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से जोन क्षेत्र के ग्रीन बेल्ट, मीडियन एवं उद्यानों में पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे पेयजल का उपयोग किए बिना हरियाली एवं उद्यानों के संधारण में बावड़ी के पानी का उपयोग संभव हो रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के इंडस्ट्रियल एरिया में जल संकट का खतरा, पानी की कमी से कई फैफ्ट्रियों पर लग सकता है ताला
इसी तरह से जोन तीन के अंतर्गत डीआरपी लाइन स्थित महादेव मंदिर के पास 125 साल से भी अधिक प्राचीन कुएं का भी नगर निगम द्वारा जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य कराया गया। बावड़ी में पुनः पानी की आवक प्रारंभ होने के बाद यहां भी नवीन हाइड्रेंट स्थापित किया गया है। जिसके माध्यम से उपलब्ध पानी का उपयोग सार्वजनिक एवं हरित क्षेत्रों के संधारण कार्यों में किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- MP में कम बारिश से जल संकट गहराया, सरकार ने निकायों को पेयजल व्यवस्था सुधारने निर्देश दिए