
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर में इस बार मानसून के दौरान हुई कम बारिश का असर अभी से देखने को मिल रहा है। कम बारिश की वजह से भूमिगत जलस्तर नहीं बढ़ा। इसी वजह से कई इलाकों में बोरवेल में कम पानी या पानी ही नहीं आ रहा है। इसका असर शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में बने उद्योगों और फैक्ट्रियों पर पड़ने की आशंका है। ऐसे हालात में टैंकर के जरिए पानी जुटाना बड़ा खर्चीला और मुश्किलभरा होगा।
शहर में पोलोग्राउंड, पालदा, सांवेर रोड और लक्ष्मीबाई नगर के इंडस्ट्रियल एरिया बड़ी संख्या में उद्योग पानी पर निर्भर हैं। पानी के संकट के दौरान कुछ फैक्ट्रियों पर ताला भी लग सकता है। पानी की कमी का सबसे ज्यादा असर केमिकल, डाइंग, टेक्सटज्ञइल, कलरिंग, प्लास्टिक सहित अन्य प्रोसेसिंग उद्योगों पर सबसे ज्यादा पड़ेगा। पालदा इलाके में इनकी 300 से ज्यादा यूनिट हैं।
कुछ समय पहले इंदौर नगर निगम की बैठक में अधिकारियों द्वारा उद्योगों की जरूरत के लिए ट्रीटेड पानी उपलब्ध कराने की बात कही गई थी। इसके लिए औद्योगिक क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछाने का प्रस्ताव रखा गया था। उद्योग और फैक्ट्री संचालकों में अब इस लाइन का इंतजार है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में निजी बोरिंग पर प्रतिबंध... अवैध खनन पर मशीनें होंगी जब्त, नियम तोड़ने पर दो साल की जेल
पानी के संकट के दौरान टैंकर पर निर्भरता बढ़ सकती है, लेकिन इससे उत्पादन का खर्च बढ़ेगा। इसके साथ ही टैंकर समय पर उपलब्ध हो जाए यह भी जरूरी होगा। अगर सही समय पर टैंकर और पानी उपलब्ध नहीं हुआ तो उत्पादन भी प्रभावित हो सकता है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बोरिंग से पहले निगम पता लगाएगा पानी निकलेगा या नहीं, जलसंकट से बचने के लिए फैसला