
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ने और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से कलारिया से झलारिया के बीच 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया। रविवार को सांसद शंकर लालवानी और राऊ विधायक मधु वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर बस सेवा का शुभारंभ किया।
इस सेवा से क्षेत्र के विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। केंद्र सरकार के सहयोग से इंदौर को 150 आधुनिक लोक परिवहन बसें मिली हैं। इनके माध्यम से शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण अंचलों में भी सार्वजनिक परिवहन का विस्तार किया जा रहा है।
कलारिया से झलारिया के बीच बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को शहर तक पहुंचने के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा। खासकर, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों और कामकाजी लोगों को अपने कार्यस्थलों तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा और मुख्यमंत्री बस सेवा आमजन के लिए बड़ी सौगात हैं। इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण कम करने के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि कलारिया उनका आदर्श ग्राम है।
यह भी पढ़ें- एमपी में सड़कों पर दौड़ेंगी 520 नई ई-बसें, डिपो पर बनेंगे चार्जिंग स्टेशन, यात्रियों को मिलेगी राहत
गांव को गोद लेने के बाद यहां सड़क, पेयजल, स्वच्छता और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में विश्वजीत सिसोदिया, रामस्वरूप गहलोत, दिलीप पटेल, कपिल जैन, कैलाश चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- इंदौर में 100 करोड़ रुपये से बने कुमेड़ी आईएसबीटी में सुविधाएं भरपूर, लेकिन लोकपरिवहन है चुनौती