
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। अपराधों के निराकरण में देरी और मासिक रैंकिंग में फिसड्डी रहने पर पंढरीनाथ थाने के टीआई सतीश पटेल की पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने थाने से ही छुट्टी कर दी। टीआई को डीसीपी कार्यालय अटैच कर प्रशिक्षण कार्य में लगाया है। निरीक्षक सतीश पटेल से जोन-4 के अफसर भी संतुष्ट नहीं थे। सोमवार को अपराध समीक्षा के दौरान आयुक्त ने फिसड्डी रहने की वजह पूछी तो अफसरों ने कहा- टीआई सुनते नहीं हैं।
इसके बाद आयुक्त ने उनका रिपोर्ट कार्ड मांगा और गुरुवार को थाने से हटा दिया। अभी तक रैंकिंग में कमजोर निरीक्षकों को सात दिन का प्रशिक्षण दिया जाता था। पहली बार निरीक्षक सतीश पटेल को थाने से हटा दिया और प्रशिक्षण में ही अटैच कर उनके स्थान पर अपराध शाखा में पदस्थ निरीक्षक राम कुमार सिंह रघुवंशी की पोस्टिंग कर दी। पटेल फिसड्डी रहने पर एक बार पहले भी प्रशिक्षण ले चुके हैं।
2007 बैच के निरीक्षक सतीश पटेल इसके पूर्व हीरानगर और राजेंद्र नगर थाने में भी पदस्थ रहे हैं। अफसरों ने उनका रिपोर्ट कार्ड देखकर प्रशिक्षण का खाका तैयार किया है। उसमें मर्ग जांच, अपहरण, गुमशुदा, शिकायत आवेदन की जांच जैसे कार्य शामिल हैं। गौरतलब है कि इसके पूर्व पंढरीनाथ थाने में पदस्थ रहे निरीक्षक कपिल शर्मा सहित पूरे थाने को प्रशिक्षण दिलवाया गया था।
आयुक्त कार्यालय ने गुरुवार को सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के कामकाज का मूल्यांकन रिपोर्ट कार्ड जारी किया। अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग की गुणवत्ता के तय मापदंडों पर अक्टूबर की रैंकिंग जारी की गई है। इसमें एसीपी गांधी नगर निधि सक्सेना ने पहला स्थान हासिल किया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में UPI से पेमेंट करने वालों का मोबाइल चुराने वाला गिरोह एक्टिव, बैंक अकाउंट कर देते हैं खाली
अन्नपूर्णा (एसीपी) शिवेंदु जोशी दूसरे और हीरानगर (एसीपी) रुबिना मिजवानी तीसरे स्थान पर रहे। वहीं एसीपी संयोगितागंज नीति दंडोतिया का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा और वे रैंकिंग में अंतिम पायदान पर पहुंचीं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में थाने-कचहरी के पहले बातचीत से सुलझे विवाद, मध्यस्थता केंद्र ने 8 करोड़ लौटाए