
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। 400 घरों वाली सघन बस्ती गोमा की फैल अब सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेगी। यहां मजदूर वर्ग की बड़ी आबादी रहती है। इलाके में नशे के कारोबार और मारपीट की शिकायतें आती रहती थीं। पुलिस ने जनसहयोग से बस्ती के 12 अलग-अलग स्थानों पर 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। गुरुवार को विधायक महेंद्र हार्डिया और पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने इन कैमरों का लोकार्पण किया।
कैमरे लगाने की पहल सामुदायिक पुलिसिंग के तहत की गई है। इससे पुलिस को क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्धों की पहचान करने और आपराधिक घटनाओं के बाद आरोपितों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। घनी आबादी वाले इस इलाके में गलियों और रास्तों पर निगरानी बढ़ने से नशे के कारोबार सहित अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा सकेगी।
इनकी खासियत यह है कि संचालन स्थानीय नागरिक करेंगे, जबकि कैमरों की फीड तुकोगंज थाने में भी उपलब्ध रहेगी। टीआई जितेंद्र चौहान के मुताबिक मजदूर वर्ग के लोग बस्ती में ज्यादा हैं। छोटी-छोटी बातों पर अक्सर विवाद होता रहता है। एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने वालों की जांच में कैमरे अहम मददगार साबित होंगे।
पुलिस आयुक्त के मुताबिक गोमा की फैल में लगाए गए 42 कैमरों के साथ तुकोगंज थाना क्षेत्र में जनसहयोग से स्थापित कैमरों की संख्या 124 हो गई है। इससे पहले एमजी रोड सराफा एसोसिएशन और अन्य सहयोगियों की मदद से पलासिया चौराहे से रीगल तिराहे और लैंटर्न चौराहे तक 82 कैमरे लगाए गए थे।
यह भी पढ़ें- इंदौर में रियल एस्टेट कारोबारी के ऑफिस पर फायरिंग, लॉरेंस गैंग पर शक
पुलिस आयुक्त ने बताया कि जनभागीदारी से शहर में अब तक 646 स्थानों पर 1926 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। इन पर करीब एक करोड़ 74 लाख रुपये खर्च हुए हैं। शहर का 65 प्रतिशत हिस्सा कैमरे की जद में है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित शहर बनाने में पुलिस के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। कैमरे अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में मददगार होंगे। विधायक महेंद्र हार्डिया ने भी इस पहल की सराहना की और गोमा की फैल पहुंचकर कैमरों का जायजा लिया।
यह भी पढ़ें- 20 साल की नौकरी, फिर भी इंदौर के पंढरीनाथ थाना प्रभारी को सीखनी पड़ेगी लिखा-पढ़ी