
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। चोरी-नकबजनी करने वाली बाग और टांडा के गिरोह से पुलिस का सामना हो गया। जवानों ने करीब पांच किमी तक पीछा किया और बाइक चुरा कर भाग रहे बदमाशों को टक्कर मार कर गिरा दिया। पुलिस ने तीन बदमाशों को चोरी की गाड़ियों और औजारों के साथ पकड़ लिया है। घटना कनाड़िया थाना क्षेत्र स्थित बिचौली क्षेत्र की बताई जा रही है।
संचार नगर (कनाड़िया रोड) से शरद सोनी की बाइक (एमपी 09क्यूजेड 6055) चोरी कर ली थी। बदमाश अन्य वारदात के लिए बायपास पहुंचे ही थे कि डायल-112 के जवान दुर्गेश और मनीष जा पहुंचे। पुलिसकर्मियों को देख कर बदमाश भागे तो शक गहराया और पुलिस पीछा करने लगी। आरोपियों की बाइक को सुनसान जगह पर टक्कर मारी और नीचे गिरा दिया।
घायल होने के बाद भी आरोपितों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने पीछा कर दबोच लिया। पुलिस ने दो गाड़ियां तो मौके से ही जब्त कर ली हैं। अन्य वारदातों में पूछताछ की जा रही है।
बायपास पर ट्रक कटिंग की घटना भी सामने आई है। लाखों रुपये कीमती सामान से भरे ट्रक का तिरपाल काट कर चोर कार्टन ले उड़े। पुलिस को वारदात में कंजरों के गिरोह के शामिल होने का शक है। टीआई तिलक करोले के अनुसार ट्रक बायपास पर खड़ा हुआ था। उसी वक्त एफआरवी की टीम पहुंच गई और बदमाश फरार हो गए।
बाणगंगा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात हुई है। चोरों ने एक क्राकरी दुकान में सेंध लगाकर चार लाख 75 हजार रुपये चुरा लिए। पुलिस के मुताबिक ट्रायकोन सिटी (खंडवा रोड) निवासी अनिल अरोड़ा द्वारा शिकायत की गई है। अनिल की पोलोग्राउंड में दिशा मार्केटिंग के नाम से क्राकरी की दुकान है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कचरे में ढेर में मिला था जला शव, सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से हुई पहचान
21 नवंबर को अनिल दुकान बंद कर घर गए थे। गल्ले में चार लाख 75 हजार रुपये रखे थे। दूसरे दिन दुकान पर आए तो शटर का ताला टूटा हुआ था। पूरा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया था। गल्ले में रखे रुपये चोरी हो गए थे। पुलिस ने मंगलवार को कायमी की।
यह भी पढ़ें- इंदौर पुलिस को गर्लफ्रेंड के नंबर से मिले सुराग, पकड़ा गया पिता और बहन की हत्या का आरोपी