
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की शिकायतें अब वाहन चालक और राहगीर इंदौर ट्रैफिक साथी एप के माध्यम से सीधे यातायात पुलिस तक पहुंचा रहे हैं। एप पर मिली शिकायतों का सत्यापन करने के बाद पुलिस संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर रही है।
खास बात यह है कि पुलिस अब चालान की जानकारी देने के लिए संबंधित वाहन चालक के घर भी पहुंच रही है। वहां उसे चालानी कार्रवाई के बारे में बताने के साथ ट्रैफिक साथी एप की जानकारी दी जा रही है। साथ ही भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी जा रही है।
इंदौर ट्रैफिक साथी एप में सिविलियन रिपोर्ट का फीचर जोड़ा गया है। इसके माध्यम से आम लोग सड़क पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों की शिकायत सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं। पुलिस को इस फीचर के जरिए लगातार शिकायतें मिल रही हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी इन शिकायतों और उन पर होने वाली कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं।
एप पर वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने, हेलमेट नहीं पहनने, फैंसी या गलत नंबर प्लेट लगाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, रांग साइड वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने और गलत पार्किंग जैसी शिकायतें मिल रही हैं।
यह भी पढ़ें- 20 साल की नौकरी, फिर भी इंदौर के पंढरीनाथ थाना प्रभारी को सीखनी पड़ेगी लिखा-पढ़ी
पुलिस इनका सत्यापन करने के बाद संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालान बना रही है। चालानी कार्रवाई की सूचना संबंधित व्यक्ति को मैसेज या ई-मेल के माध्यम से भी दी जा रही है।
यह भी पढ़ें- इंदौर-उज्जैन सड़क छह लेन बनने से गाड़ियों की स्पीड़ बढ़ी, अब बीच में बने कट होंगे बंद