
कुलदीप भावसार, नईदुनिया, इंदौर। स्वच्छता में लगातार आठ बार देशभर में नंबर वन रहे हमारे इंदौर में सुविधाघरों की हालत अत्यंत खराब है। नगर निगम सीमा में 350 से ज्यादा सुविधाघर हैं, लेकिन ये सभी बदहाल हैं। इनकी सफाई को लेकर निगम की सजगता इसी से समझी जा सकती है कि इन सुविधाघरों का उपयोग तो दूर इनके पास से गुजरना तक मुश्किल है। हालत यह है कि 90 प्रतिशत से ज्यादा सुविधाघरों में पानी ही नहीं है।
इंतजाम के नाम पर टंकियां तो लगी हैं लेकिन इन्हें अंतिम बार कब भरा गया था यह किसी को नहीं पता क्योंकि सालों से निगम ने इन टंकियों की सुध नहीं ली। 80 प्रतिशत से ज्यादा सुविधाघरों में यूरिनल गायब हैं। सुविधाघरों के बाहर लगाए गए वाश-बेसिन तो शत प्रतिशत जगहों से या तो गायब हैं या ऐसी स्थिति में हैं कि चाहकर भी आप इनका उपयोग नहीं कर सकते। सफाई की स्थिति यह है कि कई जगह गंदगी सड़क पर बहती रहती है।
नागरिकों की सुविधा के लिए शहर में 350 से ज्यादा सुविधाघर तो बना दिए, लेकिन इनके रखरखाव को लेकर किसी तरह की कोई सजगता नजर नहीं आती। कागज पर तो हर साल 10 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि इन सुविधाघरों के रखरखाव पर खर्च होती है लेकिन काम कितना हो रहा है यह किसी से छुपा नहीं है।
सिर्फ बाहरी क्षेत्र ही नहीं भीड़ भरे बाजारों में बने सुविधाघर भी बदहाल हैं। रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन जहां अन्य शहरों से रोजाना हजारों लोगों का आना-जाना लगा रहता है वहां भी स्थिति खराब है।
नगर निगम ने शहर के ज्यादातर सुविधाघरों में पानी के इंतजाम के नाम पर प्लास्टिक की टंकियां रखी हैं। शहर के ज्यादातर सुविधाघरों में टंकियों में पानी ही नहीं है। कुछ जगहों पर सुविधाघर के बाहर सीमेंट की टंकी रखी है, कुछ जगह इनमें पानी भी है, मनुष्य और पशु दोनों इसका उपयोग कर रहे हैं। ज्यादातर सुविधाघरों में टंकियों से पानी यूरिनल तक पहुंचाने के लिए बिछाई गई पाइप लाइन उखड़ चुकी है। रखरखाव के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति हो रही है। न सुविधाघरों में सफाई का इंतजाम है न पानी का।
यह भी पढ़ें- देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में पब्लिक टॉयलेट बेहाल, 90 प्रतिशत में पानी ही नहीं
यह भी पढ़ें- इस बार 12500 नहीं, 10500 अंकों का हुआ था स्वच्छ सर्वेक्षण; इसलिए पिछड़ा इंदौर
सुविधाघरों की व्यवस्था सुधारने के लिए नए सिरे से योजना तैयार करने को कहा है। जिम्मेदारी भी तय करेंगे। जहां लापरवाही मिलेगी वहां कार्रवाई की जाएगी। - पुष्यमित्र भार्गव, महापौर इंदौर